लंदन, 8 अगस्त (आईएएनएस)। हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण भारतीय बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स ‘द हंड्रेड’ के शेष मुकाबलों से बाहर हो गई हैं। जेमिमा के आगामी विमेंस टी20 एशिया कप में खेलने पर भी गंभीर संदेह पैदा हो गया है।
जेमिमा ने ‘सदर्न ब्रेव’ की तरफ से खेलते हुए, 100-बॉल वाले इस टूर्नामेंट की छह पारियों में 35.75 की औसत के साथ 143 रन बनाए थे, लेकिन हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण उन्हें टूर्नामेंट बीच में ही छोड़ना पड़ा। फ्रेंचाइजी ने टूर्नामेंट के शेष मुकाबलों के लिए जेमिमा की जगह ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर चार्ली नॉट को टीम में शामिल किया है।
फ्रेंचाइजी ने शनिवार को एक आधिकारिक बयान में कहा, “हम पुष्टि करते हैं कि जेमिमा रोड्रिग्स को लगी चोट के कारण, हमने ‘द हंड्रेड’ के शेष मुकाबलों के लिए चार्ली नॉट को उनके स्थान पर टीम में शामिल किया है। जेमी, हम आपके जल्द ठीक होने की कामना करते हैं।”
विमेंस द हंड्रेड की प्वाइंट्स टेबल में सदर्न ब्रेव फिलहाल दूसरे स्थान पर मौजूद है। इस टीम ने 6 में से 5 मैच अपने नाम किए हैं। टीम के पास फिलहाल 20 अंक हैं। वहीं, टेबल-टॉपर्स ‘ट्रेंट रॉकेट्स’ ने भी अब तक 6 मे से 5 मैच जीते हैं, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के चलते यह टीम शीर्ष पर है।
विमेंस टी20 एशिया कप का आयोजन 28 अगस्त से 13 सितंबर के बीच दुबई में होगा। टूर्नामेंट में जेमिमा का खेलना पूरी तरह से इस बात पर निर्भर करेगा कि उनकी हैमस्ट्रिंग की चोट का इलाज कितनी जल्दी असर करता है।
मिडिल ओवरों में तेजी से रन बनाने की काबिलियत रखने वालीं जेमिमा पिछले कुछ वर्षों में भारतीय बल्लेबाजी क्रम का एक अहम हिस्सा रही हैं। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 30 अगस्त को थाईलैंड के खिलाफ करेगी, जिसके बाद 3 और 5 सितंबर को क्रमशः हांगकांग और चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से मुकाबला होगा। टूर्नामेंट के सभी मैच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जाएंगे।
भारत इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे सफल देश रहा है, जिसने चार वनडे और तीन टी20 फॉर्मेट के खिताब जीते हैं। अगर जेमिमा समय पर फिट नहीं हो पातीं, तो विकेटकीपर-बल्लेबाज यास्तिका भाटिया को उनकी जगह भारतीय बुलाया जा सकता है।
–आईएएनएस
आरएसजी
