मुंबई, 8 अगस्त (आईएएनएस)। अभिनेत्री शिल्पा शिंदे इन दिनों वेब रियलिटी शो ‘द अलायंस’ में दमदार परफॉर्मेंस देने को लेकर दर्शकों के बीच सुर्खियों में बनी हुई हैं। शनिवार को सोशल मीडिया के माध्यम से फैंस द्वारा मिल रहे प्यार का शुक्रिया अदा किया। अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर श्रेया के जीतने की खुशी जाहिर की। साथ ही मीडिया में चल रही बेकार की अफवाहों पर भी सफाई दी।
अभिनेत्री शिल्पा शिंदे वीडियो में अपने चाहने वालों का शुक्रिया करते हुए कहती हैं, “सारे शिल्पियन्स (सोशल मीडिया पर वो यूजर्स, जो अपने अकाउंट पर किसी नामी हस्ती के वीडियो डालते हैं) और जो नए लोग प्यार दे रहे हैं, उनका तहे दिल से शुक्रिया। आप दिन-रात जो इतनी मेहनत करते हैं, जिसको बयां करने के लिए मेरे पास शब्द ही नहीं है। नए-पुराने लोगों को आपने जो जवाब दिया है और मुझे इतना सपोर्ट दिया, उसके लिए आपको फिर से शुक्रिया कहना चाहती हूं।
श्रेया भी देखो जीत गई और हां, कई इंटरव्यू में मैं गई और मुझे सुनने को मिला कि मैंने शो को बाइस्ड बोला, तो मैंने ऐसा कुछ भी नहीं बोला है। मैं डरती नहीं हूं किसी से। 24 घंटे हम शो में रहते हैं और एडिट होकर 1-2 घंटे का शो आता है। कई चीजें एडिट हुई हैं, जिस तरह से मैं शो में गई, तो कुछ लोगों को मेरा इस तरह से जाना पसंद नहीं आया है, लेकिन फिर भी जो लोग मुझे पहले से जानते आ रहे हैं, जो मुझे सपोर्ट करते आ रहे हैं, उन्होंने मुझे वाकई में बहुत प्यार दिया है।
अभिनेत्री ने वीडियो पोस्ट कर लिखा, “इस सफर में मुझे इस कदर प्यार, सपोर्ट और अटूट भरोसा देने के लिए सभी फैंस का तहे दिल शुक्रिया। मेरे सफर का हिस्सा बनने और हर कदम पर मेरा साथ देने के लिए मैं आपका जितना भी शुक्रिया अदा करूं, कम है। मुझे ऐसे ही प्यार करते रहिएगा। आप सभी को हमेशा बहुत सारा प्यार।”
सोशल मीडिया कंटेस्टेंट श्रेया कालरा 5 अगस्त को हुए ग्रैंड फिनाले में लॉक अप सीजन 2 की विनर रहीं हैं। शो में उन्होंने शिवांगी जोशी को हराया, जो फर्स्ट रनर-अप बनीं थी, जबकि योगेश सेकंड रनर अप रहे। वहीं शिल्पा शिंदे ने अपना सफर फोर्थ रनर अप के तौर पर खत्म किया।
–आईएएनएस
एनएस/वीसी
