आईपीएल 2026: वैभव सूर्यवंशी की विकेट पर आक्रामक जश्न जैमीसन को महंगा पड़ा, एक डिमेरिट प्वाइंट दिया गया


जयपुर, 2 मई (आईएएनएस)। दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन को शुक्रवार को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के खिलाफ मैच के दौरान वैभव सूर्यवंशी का विकेट लेने के बाद आक्रामक जश्न मनाना महंगा पड़ा। उन्हें आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल 1 को तोड़ने का दोषी पाते हुए एक डिमेरिट पॉइंट दिया गया। साथ ही भविष्य में ऐसा न करने की चेतावनी दी गई।

जैमीसन को आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.5 को तोड़ने का दोषी पाया गया। यह आर्टिकल ऐसी भाषा, हरकतें या इशारे करने से जुड़ा है जिससे किसी दूसरे खिलाड़ी का अपमान हो सकता है या दूसरे खिलाड़ी की प्रतिक्रिया आक्रामक हो सकती है।

आईपीएल की तरफ से जारी बयान में कहा गया, “यह घटना पहली पारी के दूसरे ओवर में हुई, जब वैभव सूर्यवंशी को आउट करने के बाद, जैमीसन आक्रामक तरीके से उनके करीब पाए गए, जिससे बल्लेबाज आक्रामक रिएक्शन दे सकता था।”

सूर्यवंशी जैमीसन को पहली गेंद पर चौका मारने के बाद अगली गेंद पर बोल्ड हो गए थे। इसके बाद जैमीसन ने उनके करीब जाकर आक्रामक प्रतिक्रिया दी थी। 15 साल के सूर्यवंशी के सामने जाकर जैमीसन ने जोरदार ताली बजाई थी।

जैमीसन ने गलती मान ली और मैच रेफरी, राजीव सेठ द्वारा लगाई गई सजा भी मान ली।

सोशल मीडिया पर भी वैभव सूर्यवंशी का विकेट गिरने के बाद काइल जैमीसन को अपनी प्रतिक्रिया के लिए आलोचना का सामना करना पड़ा है। फैंस का कहना है कि 31 साल के जैमीसन का 15 साल के वैभव के साथ ऐसा व्यवहार उचित नहीं था।

वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2026 के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में से एक रहे हैं। उनका विकेट जल्द लेना डीसी की योजना में शामिल थी। यही वजह रही कि जैमीसन अपना आपा खो बैठे।

मैच की बात करें तो राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। पराग के 50 गेंदों पर बनाए 90 रन, डोनोवन फरेरा के 14 गेंदों पर बनाए 47 रन और ध्रुव जुरेल के 32 गेंदों पर बनाए 42 रन की मदद से आरआर ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 225 रन बनाए थे।

दिल्ली कैपिटल्स ने केएल राहुल के 40 गेंदों पर 75, निसांका के 33 गेंदों पर 62 और नितीश राणा के 17 गेंदों पर 33 रन की मदद से 19.1 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 226 रन बनाकर मैच 7 विकेट से जीता। दिल्ली कैपिटल्स की आईपीएल इतिहास की लक्ष्य का पीछा करते हुए यह सबसे बड़ी जीत है।

–आईएएनएस

पीएके


Related Articles

Latest News