अहमदाबाद, 3 मई (आईएएनएस)। पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 46वें मैच में गुजरात टाइटंस (जीटी) के खिलाफ जीत के लिए 164 रन का टारगेट रखा है।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स ने 9 विकेट खोकर 163 रन बनाए। इस टीम को पहले ही ओवर की दूसरी गेंद पर प्रियांश आर्य (2) और तीसरी गेंद पर कूपर कोनोली (0) के रूप में लगातार दो झटके लगे। किंग्स ने महज 2 रन तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद प्रभसिमरन सिंह ने मोर्चा संभालने की कोशिश की।
प्रभसिमरन ने कप्तान श्रेयस अय्यर (19) के साथ दूसरे विकेट के लिए 29 गेंदों में 33 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 35 के स्कोर तक पहुंचाया। प्रभसिमरन 15 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद टीम ने 47 के स्कोर तक अपने 5 विकेट खो दिए।
यहां से मार्कस स्टोइनिस ने सूर्यांश शेडगे के साथ 44 गेंदों में 79 रन जुटाकर टीम को 126 के स्कोर तक पहुंचाया। सूर्यांश 29 गेंदों में 5 छक्कों और 3 चौकों के साथ 57 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि स्टोइनिस ने 31 गेंदों में 6 बाउंड्री के साथ 40 रन की पारी खेली। इस पारी में मार्को यानसेन ने 20 रन का योगदान दिया।
विपक्षी खेमे से जेसन होल्डर ने 24 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा ने 2-2 विकेट निकाले। राशिद खान ने 1 विकेट हासिल किया।
श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब किंग्स इस मुकाबले में प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, कूपर कोनोली, मार्कस स्टोइनिस, सूर्यांश शेडगे, नेहल वढेरा, मार्को जानसन, जेवियर बार्टलेट, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल के साथ उतरी है।
दूसरी तरफ, शुभमन गिल की कप्तानी में साईं सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, निशांत सिंधु, जेसन होल्डर, राशिद खान, अरशद खान, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज और मानव सुथार गुजरात टाइटंस की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा हैं।
–आईएएनएस
आरएसजी
