हैदराबाद, 23 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 67वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को 55 रनों से हराया। इस मुकाबले में एसआरएच के बल्लेबाजों ने गुजरात टाइटंस का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ते हुए इतिहास रच दिया।
आरसीबी के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए एसआरएच ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 255 रन लगाए। आईपीएल 2026 में यह 9वां मौका रहा, जब सनराइजर्स हैदराबाद ने 200 से ज्यादा रनों का टोटल खड़ा किया। इसके साथ ही एसआरएच आईपीएल के एक सीजन में सर्वाधिक बार 200 रनों से अधिक का स्कोर बनाने वाली टीम बन गई है। इससे पहले, यह रिकॉर्ड गुजरात टाइटंस के नाम था, जिन्होंने आईपीएल 2025 में 8 बार 200 से ज्यादा रनों का टोटल बनाया था।
आरसीबी के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद को ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा ने अच्छी शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 45 रन जोड़े। ट्रेविस हेड ने 16 गेंदों में 26 रन बनाए, जबकि अभिषेक शर्मा ने 22 गेंदों में 4 चौके और 5 छक्कों की मदद से 56 रन बनाए। वहीं, ईशान किशन ने सिर्फ 46 गेंदों का सामना करते हुए 8 चौके और 3 छक्कों की मदद से 79 रनों की दमदार पारी खेली। हेनरिक क्लासेन ने अपनी शानदार फॉर्म को इस मुकाबले में भी जारी रखा और 24 गेंदों में 51 रन बनाए। अंत के ओवरों में नीतीश कुमार रेड्डी ने 12 गेंदों का सामना करते हुए एक चौके और 3 छक्कों की मदद से नाबाद 29 रन बनाए।
256 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए आरसीबी की टीम 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 200 रन ही बना सकी। रजत पाटीदार ने 39 गेंदों में 56 रनों की कप्तानी पारी खेली। वहीं, वेंकटेश अय्यर ने सिर्फ 19 गेंदों का सामना करते हुए 44 रनों की शानदार पारी खेली। अंत के ओवरों में क्रुणाल पांड्या ने 31 गेंदों में 41 रनों की नाबाद पारी खेली, जबकि टिम डेविड ने नाबाद 15 रन बनाए। हालांकि, हार के बावजूद आरसीबी पहले क्वालिफायर का टिकट कटाने में सफल रही।
–आईएएनएस
एसएम/पीएम
