मुंबई, 23 मई (आईएएनएस)। अभिनेता अनुपम खेर इन दिनों अपने शो ‘जाने पहचाने अंजाने’ के जरिए दर्शकों के बीच खास मौजूदगी दर्ज करवा रहे हैं। शनिवार को उन्होंने अलग अलग शहरों में हुए शो को दर्शकों की तरफ से मिली प्रतिक्रिया सोशल मीडिया पर शेयर की।
अभिनेता ने अपने इंस्टाग्राम पर शो की झलक शेयर की, जिसमें उन्होंने दर्शकों से मिल रही प्रतिक्रिया को धन्यवाद दिया। अभिनेता ने लिखा, “दो अलग-अलग शो, दो बिल्कुल अलग दर्शक, लेकिन दोनों जगह एक जैसी जोरदार स्टैंडिंग ओवेशन मिली।”
उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए लिखा, “खुशी की बात यह है कि कल हमने ‘जाने पहचाने अंजाने’ के दो हाउसफुल शो किए। दर्शकों की हंसी, उनकी खामोशी, भावनाएं और आखिर में मिला प्यार इस शाम को हमेशा के लिए खास बना गया और यह सफर अभी जारी है। आज और कल भी हमारे दो-दो शो होने वाले हैं।”
उन्होंने आखिरी में लिखा, “किसी भी कलाकार और थिएटर टीम के लिए इससे बड़ी खुशी कोई और नहीं होती कि ऑडिटोरियम तालियों की गूंज से भर जाए और दर्शक आपकी मेहनत, सच्चाई और भावनाओं से जुड़ जाएं। दिल्ली, आपके प्यार, अपनापन और स्टैंडिंग ओवेशन के लिए दिल से धन्यवाद। आपने हमें बहुत खुश कर दिया। जय हो।”
हिंदी संगीतमय नाटक (म्यूजिकल प्ले) ‘जाने पहचाने अनजाने’ मध्यमवर्गीय पड़ोसियों के जीवन, अकेलेपन और मानवीय रिश्तों की जटिलताओं को भावनात्मक और हास्य के मिश्रण के साथ पेश करता है। यह कहानी दर्शाती है कि कैसे लोग एक-दूसरे को जानते हुए भी कई बार अनजान रह जाते हैं।
गजेंद्र अहिरे द्वारा निर्देशित और लिखित नाटक का संगीत अनु मलिक ने तैयार किया है, जिनके गाने दशकों से लोगों के दिलों में बसते हैं। गीत कौसर मुनीर ने लिखे हैं। इन गीतों को शान, सुखविंदर सिंह और आनंदी जोशी ने गाने को अपनी मधुर आवाज दी है।
इसमें अनुपम खेर और स्वरूप संपत मुख्य भूमिका में थे। इसके अलावा इसमें मेघना मलिक, माया शर्मा, विकास रावत, श्रद्धा मंडले और हरमन डी ‘सूजा समेत कई कलाकार हैं। यह कार्यक्रम मुख्य रूप से मुंबई और दिल्ली में मंचित हुआ है।
–आईएएनएस
एनएस/पीएम
