लखनऊ, 7 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 का 50वां मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच खेला जा रहा है। भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में शानदार बल्लेबाजी करते हुए मिचेल मार्श एलएसजी की तरफ से सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
मार्श ने आरसीबी के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 49 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। मार्श ने एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने पिछले सीजन 54 गेंदों में अपना शतक पूरा किया था। मार्श के आगे आरसीबी के गेंदबाज पूरी तरह से बेबस दिखाई दिए। उन्होंने 56 गेंदों का सामना करते हुए 198 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 111 रन बनाए। अपनी इस पारी में मार्श ने 9 चौके और 9 गगनचुंबी छक्के लगाए।
मार्श आईपीएल में एलएसजी की तरफ से सर्वाधिक शतक लगाने के मामले में केएल राहुल के बराबर पहुंच गए हैं। मार्श और राहुल ने लखनऊ सुपर जायंट्स की तरफ से खेलते हुए दो-दो शतक लगाए हैं। वह इस मामले में क्विंटन डी कॉक, मार्कस स्टोइनिस और पंत से आगे निकल गए हैं।
मार्श ने अर्शिन कुलकर्णी के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 9.2 ओवर में 95 रन जोड़े। अर्शिन 24 गेंदों का सामना करने के बाद 17 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, मार्श ने एक छोर से अपनी शानदार बल्लेबाजी जारी रखी और उन्होंने दूसरे विकेट के लिए निकोलस पूरन संग मिलकर 41 गेंदों में 70 रन जोड़े।
मार्श को जोश हेजलवुड ने पवेलियन की राह दिखाई। वहीं, पूरन ने 23 गेंदों में 38 रन बनाए। अंत के ओवरों में कप्तान ऋषभ पंत ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्प 10 गेंदों में नाबाद 32 रन बनाए, जिसके बूते एलएसजी की टीम 19 ओवर में 3 विकेट खोकर 209 रन स्कोरबोर्ड पर लगाने में सफल रही। बारिश के चलते हुई समय की बर्बादी के कारण इस मुकाबले को 19-19 ओवर का कर दिया गया। एलएसजी की पारी के दौरान बारिश के कारण दो बार मैच को रोकना पड़ा।
–आईएएनएस
एसएम/डीकेपी
