चेन्नई, 10 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 का 53वां मुकाबला चेपॉक स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के बीच खेला जा रहा है। सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया है।
टॉस जीतकर सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने कहा, “हम पहले गेंदबाजी करेंगे। विकेट कवर्स के नीचे था और बारिश भी हो रही थी। दिन के गेम में पिच अलग तरह से बर्ताव करती है। हमें संतुलन बनाना होगा और विपक्षी टीम को कम स्कोर पर रोकना होगा। पिछले 7-8 गेम हमारे लिए जिस तरह से गए हैं, उससे हम काफी सकारात्मक हैं। टीम में कोई बदलाव नहीं है।”
एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत ने कहा, “हम भी पहले गेंदबाजी करते। हम हर मैच को देखने की कोशिश कर रहे हैं। हमें निरंतरता दिखानी होगी। मुझे लगता है कि अभी बस अच्छा क्रिकेट खेलना है। हमें कई मौके मिले जिसमें हम अच्छा नहीं कर पाए। यही हमारे लिए सीख है। हम अपना 200 प्रतिशत देने के लिए तैयार हैं। टीम में दो बदलाव हुए हैं। जोश इंग्लिस और आवेश खान की वापसी हुई है।”
सीएसके को अगर प्लेऑफ के लिए अपनी संभावना बरकरार रखनी है, तो इस मैच को जीतना होगा। वहीं, आरसीबी के खिलाफ पिछला मैच जीतने वाली एलएसजी बढ़े आत्मविश्वास के साथ इस मुकाबले में उतरी है और अपनी जीत की लय को बरकरार रखने की कोशिश करेगी। सीएसके के लिए सीजन का यह 11वां मैच है। टीम पिछले 10 मैचों में 5 जीत के साथ छठे स्थान पर मौजूद है। वहीं, एलएसजी टूर्नामेंट से लगभग बाहर है। एलएसजी के सीजन का यह 11वां मैच है। पिछले 10 मैचों में 3 जीत के साथ टीम 10वें स्थान पर है।
एलएसजी प्लेइंग इलेवन: मिशेल मार्श, जोश इंग्लिस, निकोलस पूरन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), एडेन मार्करम, अक्षत रघुवंशी, हिम्मत सिंह, शाहबाज अहमद, मोहम्मद शमी, दिग्वेश सिंह राठी, प्रिंस यादव।
चेन्नई सुपर किंग्स (प्लेइंग इलेवन): संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), उर्विल पटेल, कार्तिक शर्मा, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, जेमी ओवरटन, अकील हुसैन, अंशुल कंबोज, नूर अहमद, मुकेश चौधरी।
–आईएएनएस
पीएके
