नई दिल्ली, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 में सीएसके का हिस्सा तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी की मां का निधन हो गया है। सीएसके ने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर गुरुवार को मुकेश चौधरी की मां के निधन की जानकारी दी।
सीएसके ने पोस्ट किया, “सीएसके परिवार मुकेश चौधरी की मां के निधन पर दुख जता रहा है। हम मुकेश और उनके परिवार के साथ हैं। इस बेहद मुश्किल समय में उन्हें अपनी दुआओं में रखते हैं।”
रिपोर्ट के मुताबिक मुकेश चौधरी की मां प्रेम देवी लगभग एक साल से गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं। उनका इलाज मुंबई के टाटा हॉस्पिटल में चल रहा था। उनका निधन मंगलवार को वहीं हो गया। रिपोर्ट के मुताबिक मुकेश चौधरी फिलहाल सीएसके टीम के साथ नहीं हैं और गुरुवार को मुंबई इंडियंस के खिलाफ होने वाले मैच में उनके खेलने की संभावना नहीं है।
मुकेश चौधरी 2022 से ही सीएसके के साथ रहे हैं। 2022 में उनका आईपीएल डेब्यू हुआ था। उस सीजन 13 मैचों में 16 विकेट लेकर उन्होंने सुर्खियां बटोरी थीं। उस सीजन के बाद से इंजरी और दूसरे खिलाड़ियों की उपलब्धता की वजह से उन्हें ज्यादा खेलने का मौका नहीं मिला है। 2022 के बाद वह केवल 4 मैच खेल पाए हैं।
आईपीएल 2026 में चौधरी सिर्फ 1 मैच खेल पाए हैं जिसमें उन्होंने 2 विकेट लिए हैं।
सीएसके खिलाड़ियों की इंजरी से जूझ रही है। तेज गेंदबाज खलील अहमद इंजरी की वजह से सीजन से बाहर हो चुके हैं। ऐसे में अगर मुकेश चौधरी भी लंबे समय तक टीम से दूर रहते हैं, तो सीएसके की गेंदबाजी और कमजोर होगी।
एमआई से होने वाले मुकाबले से पहले तक सीएसके सीजन में 6 मैच खेलकर 2 जीत के साथ अंकतालिका में आठवें नंबर पर है। एमआई के खिलाफ जीत हासिल कर सीएसके जीत की राह पर लौटने के साथ-साथ अंकतालिका में अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश करेगी।
–आईएएनएस
पीएके
