आईपीएल 2026: धर्मशाला में पंजाब किंग्स-मुंबई इंडियंस के बीच जंग, फैंस को पीबीकेएस के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीद


धर्मशाला, 14 मई (आईएएनएस)। पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) और मुंबई इंडियंस (एमआई) के बीच गुरुवार को एचपीसीए स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का 58वां मैच खेला जा रहा है। फैंस इस मुकाबले में अपनी पसंदीदा टीम को सपोर्ट करने के लिए भारी संख्या में स्टेडियम में पहुंचे हैं।

पंजाब किंग्स के एक फैन ने आईएएनएस से कहा, “इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस की हार होगी। पंजाब किंग्स प्लेऑफ के बेहद करीब है। हमने पंजाब किंग्स की जीत के लिए बुधवार को भंडारा भी किया था। हम इस मैच में जीतकर ही लौटेंगे। यकीनन किंग्स इस सीजन टॉप-4 में अपनी जगह बनाएंगे।”

एक महिला फैन ने कहा, “मुझे नेहल वढेरा और प्रभसिमरन सिंह काफी पसंद हैं। पंजाब किंग्स की टीम प्लेऑफ में अपनी जगह बनाएगी। हम फाइनल मैच में एक बार फिर इस टीम को खेलता देखेंगे।”

भले ही दिग्गज खिलाड़ी रोहित शर्मा को इस मैच के लिए ‘इम्पैक्ट खिलाड़ी’ के रूप में शामिल किया गया है, लेकिन फैंस को उनसे खासा उम्मीदे हैं। मुंबई इंडियंस के एक फैन ने कहा, “रोहित शर्मा इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करेंगे। यकीनन मुंबई इंडियंस ही इस मैच को अपने नाम करेगी। भले ही एमआई प्लेऑफ की रेस से बाहर है, लेकिन यह टीम अपने अंतिम मुकाबलों में कुछ दमदार प्रदर्शन करेगी।”

एक अन्य खिलाड़ी ने कहा, “ऐसा नहीं है कि मुंबई इंडियंस की टीम में दम नहीं है। भले ही एमआई ने 11 में से 8 मैच गंवा दिए हैं, लेकिन यह टीम खिताबी रेस से बाहर होने के बावजूद फैंस को खुशी का पल देगी।”

पंजाब किंग्स फिलहाल 11 में से 6 मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर मौजूद है। यह टीम अगर इस मैच को अपने नाम कर लेती है, तो 15 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर होगी। वहीं, दूसरी तरफ मुंबई इंडियंस पहले ही खिताबी रेस से बाहर है। इस टीम ने 11 में से 8 मैच गंवा दिए हैं। एमआई अपने शेष मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए फैंस का दिल जीतना चाहेगी।

पंजाब किंग्स की प्लेइंग इलेवन: प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), सूर्यांश शेडगे, शशांक सिंह, अजमतुल्लाह उमरजई, मार्को जानसन, जेवियर बार्टलेट, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल।

मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन: रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), नमन धीर, तिलक वर्मा, शेरफेन रदरफोर्ड, विल जैक, राज बावा, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह (कप्तान), रघु शर्मा

–आईएएनएस

आरएसजी


Related Articles

Latest News