आईपीएल 2025: कोहली-अय्यर के अर्धशतक, आरसीबी ने पंजाब किंग्स को दिया 223 रन का टारगेट


धर्मशाला, 17 मई (आईएएनएस)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने रविवार को एचपीसीए स्टेडियम में जारी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 61वें मैच में पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) को जीत के लिए 223 रन का विशाल टारगेट दिया है। इस पारी में विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर ने शानदार अर्धशतक लगाए। आरसीबी का मकसद इस मैच को जीतकर 18 अंकों के साथ प्लेऑफ में जगह बनाना है।

पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर आरसीबी को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। इसके जवाब में आरसीबी ने निर्धारित ओवरों में 4 विकेट खोकर 222 रन बनाए।

जैकब बेथेल और विराट कोहली की जोड़ी ने सलामी बल्लेबाज के तौर पर 14 गेंदों में 21 रन जुटाए। बेथेल 7 गेंदों में 2 चौकों के साथ 11 रन बनाकर पवेलियन लौटे। यहां से कोहली ने देवदत्त पड्डिकल के साथ दूसरे विकेट के लिए 41 गेंदों में 76 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 97 के स्कोर तक पहुंचाया। पड्डिकल 25 गेंदों में 3 छक्कों और 4 चौकों के साथ 45 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

पड्डिकल के लौटने के बाद विराट कोहली ने वेंकटेश अय्यर के साथ मोर्चा संभाला। इस जोड़ी ने तीसरे विकेट के लिए 35 गेंदों में 60 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 157 के स्कोर तक पहुंचा दिया। कोहली ने 37 गेंदों में 58 रन बनाए। उनकी इस पारी में 3 छक्के और 4 चौके शामिल रहे।

शुरुआती 3 विकेट गिरने के बाद अय्यर ने टिम डेविड के साथ पारी को आगे बढ़ाया। इस जोड़ी ने 30 गेंदों में 65 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 222 के स्कोर तक पहुंचाया। डेविड 12 गेंदों में 28 रन बनाकर आउट हुए, जबकि वेंकटेश ने 40 गेंदों में 4 छक्कों और 8 चौकों के साथ 73 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी खेमे से हरप्रीत बरार ने सर्वाधिक 2 विकेट हासिल किए। युजवेंद्र चहल और अर्शदीप सिंह के हाथ 1-1 विकेट लगा।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने इस सीजन अब तक 12 में से 8 मुकाबले अपने नाम किए हैं। यह टीम फिलहाल प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष पायदान पर है। दूसरी ओर, पंजाब किंग्स 12 में से 6 मैच जीतकर चौथे स्थान पर है। अगर पीबीकेएस इस मैच को अपने नाम करती है, तो 15 अंकों के साथ तीसरे पायदान पर पहुंच जाएगी।

एक ओर, जितेश शर्मा की कप्तानी में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु जैकब बेथेल, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, वेंकटेश अय्यर, टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड और सुयश शर्मा के साथ यह मैच खेल रही है।

दूसरी तरफ, पंजाब किंग्स की टीम श्रेयस अय्यर की कप्तानी में प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, सूर्यांश शेडगे, शशांक सिंह, अजमतुल्लाह उमरजई, हरप्रीत बरार, लॉकी फर्ग्यूसन, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल के साथ इस मुकाबले में उतरी है।

–आईएएनएस

आरएसजी


Related Articles

Latest News