संगरूर भाजपा कार्यालय पर हुए हमले की जांच जारी, दोषियों को मिलेगी सजा: मंत्री बरिंदर गोयल


चंडीगढ़, 27 जुलाई (आईएएनएस)। पंजाब सरकार के मंत्री बरिंदर गोयल ने संगरूर स्थित भाजपा कार्यालय पर पेट्रोल बम हमले, कांग्रेस नेता राजा वडिंग के पेपर लीक संबंधी एक्स पोस्ट और राज्य में भारी बारिश के कारण जलभराव जैसे मुद्दों पर कहा कि सरकार हर मामले में गंभीरता से काम कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

संगरूर में भाजपा कार्यालय पर हुए कथित पेट्रोल बम हमले को लेकर मंत्री बरिंदर गोयल ने कहा कि इस मामले की पूरी जांच चल रही है। बिना जांच पूरी हुए किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। इस घटना को लेकर उनकी संगरूर के अधिकारियों से भी बातचीत हुई है। भाजपा कुछ भी कह सकती है, लेकिन मैं जांच पूरी होने से पहले कुछ नहीं कह सकता। पूरी तफ्तीश चल रही है। जब तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंचते, तब तक कुछ कहना मुश्किल है। पंजाब सरकार किसी भी गलत तत्व को सिर उठाने नहीं देगी। जो भी दोषी होगा, उसे सख्त से सख्त सजा दी जाएगी।

कांग्रेस नेता राजा वडिंग द्वारा पंजाब में कानून-व्यवस्था और पेपर लीक को लेकर उठाए गए सवालों पर मंत्री गोयल ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विपक्ष पहले अपने मामलों पर ध्यान दे। पहले अपना लॉ एंड ऑर्डर ठीक है? एक मीटिंग करते हैं, दूसरे भाग जाते हैं। अपने लॉ एंड ऑर्डर को ठीक करें, यहां की चिंता मत करें। पंजाब में कानून-व्यवस्था देखना सरकार का काम है और सरकार इसे अच्छी तरह संभाल रही है।

पेपर लीक के आरोपों को खारिज करते हुए मंत्री ने कहा कि पंजाब में किसी भी परीक्षा का पेपर लीक नहीं हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल नकल के मामले सामने आए थे, जिन पर तत्काल कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि 21-22 लोगों को नकल कराने और उससे जुड़े मामलों में गिरफ्तार किया गया है। इसे पेपर लीक बताना तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश करना और असली मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश है।

पंजाब में भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री गोयल ने कहा कि सरकार ने पहले भी पर्याप्त व्यवस्थाएं की थीं, लेकिन पिछली बार रिकॉर्ड बारिश होने के कारण कई स्थानों पर व्यवस्थाएं कम पड़ गई थीं। इस बार मौसम विभाग की चेतावनियों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने पहले से ही संवेदनशील स्थानों की पहचान कर आवश्यक इंतजाम कर लिए हैं। जहां-जहां समस्या वाले पॉइंट थे, वहां काम पूरा किया गया है। लोगों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। सरकार पूरी तरह तैयार है।

मीडिया से खबरों को तथ्यों की पूरी जांच के बाद प्रसारित करने की अपील करते हुए उन्होंने रणजीत सागर डैम के जलस्तर से जुड़ी एक खबर का उदाहरण दिया। मंत्री ने कहा कि मीटर और फुट की इकाइयों को लेकर हुई गलतफहमी से लोगों में अनावश्यक घबराहट फैल गई थी। जलस्तर का गेज मीटर में दर्ज होता है, लेकिन उसे फुट में प्रस्तुत किए जाने से स्थिति वास्तविक से अधिक गंभीर प्रतीत हुई। उन्होंने मीडिया से अपील की कि ऐसी खबरें प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की पूरी पुष्टि करें ताकि जनता में बेवजह दहशत न फैले।

मंत्री बरिंदर गोयल ने दोहराया कि पंजाब सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और मानसून के दौरान लोगों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह सतर्क है। संगरूर हमले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

–आईएएनएस

पीएसके


Related Articles

Latest News