पर्थ, 27 मई (आईएएनएस)। भारतीय महिला हॉकी टीम ने बुधवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कड़े मुकाबले में जीत हासिल करते हुए चार मुकाबलों की फ्रेंडली सीरीज को 1-1 से बराबर कर दिया है। पर्थ हॉकी स्टेडियम में मेहमान टीम ने आखिरी क्वार्टर में पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए मैच को 1-1 से ड्रॉ कराया, जिसके बाद शूटआउट में मेजबान टीम को 4-2 से मात दी।
मुकाबले के 10वें मिनट में ऑस्ट्रेलिया ने ओलिविया डाउन्स के गोल की बदौलत बढ़त हासिल कर ली थी, लेकिन भारतीय टीम ने पेनाल्टी कॉर्नर के कई मौके बनाकर ऑस्ट्रेलियाई टीम पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। ऑस्ट्रेलिया का डिफेंस मजबूत नजर आ रहा था, लेकिन 46वें मिनट में शीला चानू पुखरमबम ने आखिरी क्वार्टर में गोल करके भारत को बराबरी पर ला दिया।
शूटआउट में मेहमान टीम 4-2 से विजयी रही, जिसमें नवनीत कौर, इशिका चौधरी, अन्नू और ऋतुजा दादासो पिसाल ने गोल किए।
इससे पहले, दोनों टीमों के बीच चार मुकाबलों की फ्रेंडली सीरीज मंगलवार को एक कड़े मुकाबले के साथ शुरू हुई थी, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने पर्थ में 2-1 से करीबी जीत हासिल की थी।
भारत ने पहले क्वार्टर में ही बढ़त बना ली थी। नवनीत कौर ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर अपनी टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। भारतीय डिफेंस पहले हाफ के ज्यादातर समय तक मजबूत बना रहा और दूसरे क्वार्टर तक अपनी बढ़त बनाए रखने में सफल रहा, लेकिन अंत में मुकाबला ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अपने नाम किया था।
क्योंकि, दूसरे हाफ में खेल का रुख बदल गया। ऑस्ट्रेलिया की एबी विल्सन ने पेनाल्टी कॉर्नर के दो मौकों का फायदा उठाते हुए तीसरे और चौथे क्वार्टर में गोल करके मेजबान टीम को वापसी कराते हुए जीत दिलाई। अब सीरीज का तीसरा मैच 29 मई को सुबह 11:00 बजे से इसी स्टेडियम पर खेला जाएगा।
–आईएएनएस
आरएसजी
