हैम्बर्ग, 22 मई (आईएएनएस)। एलेक्स डी मिनौर ने हैम्बर्ग ओपन में अपनी शानदार फॉर्म को जारी रखा है। तीसरी वरीयता प्राप्त वाले ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में लुसियानो डार्डेरी को हराया।
एलेक्स डी मिनौर ने लुसियानो डार्डेरी के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 6-0, 6-3 से जीत हासिल की। डी मिनौर तीन मैच हारने के बाद हैम्बर्ग में उतरे थे, लेकिन उन्होंने उत्तरी जर्मनी में क्ले-कोर्ट इवेंट में डेब्यू करते ही वर्ल्ड नंबर 16 डार्डेरी को हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। डी मिनौर 2007 में पूर्व वर्ल्ड नंबर 1 लेटन हेविट के बाद हैम्बर्ग सेमीफाइनल में पहुंचने वाले पहले ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी हैं। एटीपी स्टैट्स के अनुसार, 27 साल के खिलाड़ी क्वार्टर फाइनल में जीत की वजह से एटीपी लाइव रैंकिंग में दो स्थान ऊपर चढ़कर नंबर 7 पर पहुँंच गए हैं।
डारडेरी को ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी के जबरदस्त खेल का कोई जवाब नहीं मिला, खासकर पहले सेट में और वह बार-बार टाइट ड्यूस गेम में पीछे रह गए।इटैलियन खिलाड़ी को अपना पहला गेम जीतने के लिए 52 मिनट लग गए और उन्होंने दूसरे सेट की अपनी पहली सर्विंस में गेम जीता। इसके बाद डारडेरी ने अपने विरोधी को लंबी रैलियां खेलने पर मजबूर किया, लेकिन 1-3 पर अपने एक ब्रेक पॉइंट का फायदा उठाने में नाकाम रहे। रोथेनबाम में जोश में भरी भीड़ के बीच डारडेरी की देर से वापसी बेकार गई।
जीत के बाद डी मिनौर ने कहा, “इस मैच के आखिरी 20 या 30 मिनट में, हालात इससे ज्यादा धीमे और भारी नहीं हो सकते थे।” डी मिनौर की सेमीफाइनल में अब भिड़ंत टॉमी पॉल से होगी। डी मिनौर, जो क्ले पर अपना पहला एटीपी टूर चैंपियनशिप-मैच खेलने की सोच रहे हैं, अब टॉमी पॉल से खेलेंगे। छठी वरीयता प्राप्त पॉल ने घरेलू दर्शकों के सामने खिताब के दावेदार माने जा रहे डेनियल अल्टमायर को 6-2, 7-5 से हराया और 1995 में पीट सम्प्रास के बाद हैम्बर्ग सेमीफाइनल में पहुंचने वाले पहले अमेरिकी बने।
इसके बाद, पॉल के साथी अमेरिकी एलेक्जेंडर कोवासेविक भी अंतिम चार में पहुंच गए। कोवासेविक ने कैमिलो उगो कैराबेली पर 6-4, 6-7(10), 6-2 से कड़े मुकाबले में जीत दर्ज की।1995 में 14 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन सैम्प्रास के बाद पहली बार दो अमेरिकी हैम्बर्ग ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचे हैं।
–आईएएनएस
एसएम/पीएम
