नई दिल्ली, 19 मई (आईएएनएस)। तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट और वनडे टीम में चुना गया है। बीसीसीआई के चीफ सेलेक्टर अजीत आगरकर इस 6 फीट 5 इंच लंबे खिलाड़ी को ‘भविष्य की संभावना’ मानते हैं।
बाउंस और रिवर्स स्विंग से विपक्षी बल्लेबाजों को परेशान करने वाले गुरनूर ने अपनी तेज रफ्तार से सभी को प्रभावित किया है। डेल स्टेन के फैन गुरनूर सड़क पार करते समय भी स्टेन, ब्रेट ली और शोएब अख्तर के गेंदबाजी एक्शन की नकल करते थे।
गुरनूर स्कूल में टेनिस और फुटबॉल खेला करते थे। स्कूल के ही एक दोस्त ने उन्हें क्रिकेट ट्रायल्स देने की सलाह दी थी, जिसके दो साल बाद उनकी मुलाकात शुभमन गिल से हुई, जिन्हें बरार की गति काफी पसंद आई। गिल की मदद से ही बरार को डिस्ट्रिक्ट टीम में खेलने का मौका मिला।
साल 2021 में गुरनूर ने लिस्ट-ए क्रिकेट में पंजाब के लिए डेब्यू किया। अगले ही साल फर्स्ट क्लास क्रिकेट में भी डेब्यू का मौका मिला, जिसके बाद बरार को पंजाब किंग्स ने नेट बॉलर के तौर पर टीम में शामिल किया, जहां उन्होंने शिखर धवन को प्रभावित करते हुए पंजाब किंग्स टीम में जगह बनाई। हालांकि, साल 2023 में उन्हें एक ही आईपीएल मैच खेलने का मौका मिला, जिसमें कोई विकेट हाथ नहीं लग सका।
शेर-ए-पंजाब ट्रॉफी के दौरान बरार चोटिल हो गए, जिसके चलते 2023-24 सीजन से बाहर रहना पड़ा। इस बीच बरार के पास आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट भी नहीं था। ऐसे में शुभमन गिल ने उन्हें गुजरात टाइटंस में नेट बॉलर के तौर पर शामिल होने का मौका दिया।
गुजरात टाइटंस में आशीष नेहरा ने बरार को गेंदबाजी के साथ बॉडी मैनेजमेंट का महत्व भी समझाया। नेहरा ने बताया कि वर्कलोड बैलेंस कितना जरूरी है। इस टीम में उनकी दोस्ती कगिसो रबाडा से भी हुई, जिन्होंने हमेशा सिंपल गेंदबाजी करने की सलाह दी।
आईपीएल 2025 के लिए गुजरात टाइटंस ने बरार को 1.3 करोड़ रुपए में अपने साथ जोड़ा, लेकिन अब तक उन्हें इस टीम के लिए आईपीएल मैच खेलने का मौका नहीं मिल सका है।
गुरनूर बरार ने अपने फर्स्ट क्लास करियर में कुल 18 मैच खेले हैं, जिसमें 27.30 की औसत के साथ 52 विकेट निकाले। लिस्ट-ए के 9 मुकाबलों में बरार के हाथ 12 विकेट लगे हैं। वहीं, 9 टी20 मुकाबलों में उन्होंने 10 विकेट निकाले हैं।
–आईएएनएस
आरएसजी
