मुंबई, 11 मई (आईएएनएस)। अभिनेत्री गौहर खान पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ को लेकर काफी सुर्खियों में रहती हैं। सोमवार को उन्होंने अपने बेटे के जन्मदिन की झलक इंस्टाग्राम पर शेयर की। इस खास मौके पर परिवार और इंडस्ट्री के कई करीबी दोस्त मौजूद रहे।
गौहर खान के बड़े बेटे का जन्मदिन 9 मई को होता है। अभिनेत्री ने बर्थडे सेलिब्रेशन की झलक सोमवार को अपने इंस्टाग्राम पर शेयर की।
अभिनेत्री ने अपनी इस पोस्ट के जरिए बेटे के जन्मदिन को खास बनाने वाले सभी साथियों का दिल से आभार व्यक्ति किया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं। इसमें फैमिली फोटो शामिल हैं, जिनमें गौहर खान, उनके पति जैद और दोनों बच्चे नजर आ रहे हैं।
अभिनेत्री ने लिखा, “सिर्फ प्यार और शुक्रिया। हमारा बेटा जेहान पूरे 3 साल का हो गया है। आप सभी की दुआओं, प्यार और शुभकामनाओं के लिए दिल से धन्यवाद। बस यूं ही हमें अपनी दुआओं में याद रखिए। जेहान की बर्थडे पार्टी की प्लानिंग और सजावट के लिए इवेंट मैनेजमेंट का बहुत-बहुत धन्यवाद। भारती, आपने सब कुछ बिल्कुल मेरी पसंद के अनुसार किया और पूरा आयोजन इतना आसान और तनावमुक्त बना दिया। मेरे भाई आकाश को भी धन्यवाद, जो दूसरी बार जेहान के लिए सरप्राइज केक लेकर आए। तन्वी हमेशा की तरह बेहतरीन फोटोग्राफी और खूबसूरत यादों को कैद करने के लिए शुक्रिया। मेरी आखिरी समय की कॉल्स पर भी हमेशा तुरंत साथ देने के लिए दिल से धन्यवाद।”
गौहर की पोस्ट पर दोस्तों और करीबियों ने कमेंट सेक्शन में प्यार की बौछार कर दी। कुछ यूजर्स ने इमोजी के जरिए प्रतिक्रिया दी। अभिनेता गौतम रोडे और गौहर की ननद और कंटेंट क्रिएटर अनम दरबार ने हार्ट इमोजी के साथ प्रतिक्रिया दी, तो युविका ने लिखा, “जन्मदिन की बधाई हो, प्यारे बच्चे।”
गौहर खान ने साल 2020 में भारतीय कंपोजर और म्यूजिश्यन इस्माइल दरबार के बेटे जैद दरबार से शादी की। मई 2023 में, कपल ने अपने पहले बेटे का स्वागत किया, जिसका नाम उन्होंने जेहान रखा था। वहीं, 1 सितंबर 2025 को अपने दूसरे बेटे का स्वागत किया, जिसका नाम फरवान रखा गया।
–आईएएनएस
एनएस/एबीएम
