बीजिंग, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। अप्रैल के महीने में पेइचिंग वसंत के रंगों में रंगा हुआ है। 16वां पेइचिंग अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव और पहला चाइना मीडिया ग्रुप (सीएमजी) फिल्म संस्कृति कार्निवल एक साथ आयोजित किए गए, जिससे इस प्राचीन राजधानी में अभूतपूर्व सिनेमाई जीवंतता का संचार हुआ।
जब फिल्म महोत्सव के टिकट को न केवल सिल्वर स्क्रीन पर हंसी और आंसुओं के अनुभव से जोड़ा गया, बल्कि पूरे शहर में घूमने के लिए “सांस्कृतिक पर्यटन पास” में भी बदला गया; जब पेइचिंग एक ही वर्ष में “पेइचिंग अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव” और “सौ फूल पुरस्कार” दोनों की मेजबानी करने वाला चीन का पहला शहर बन गया, तब जो सामने आया, वह केवल एक भव्य सांस्कृतिक उत्सव नहीं था, बल्कि बदलते समय के बीच चीनी सिनेमा की पहचान के गहरे पुनर्निर्माण और उसके महत्व के विस्तार का संकेत भी था।
“थ्येनथान (स्वर्ग मंदिर) सौ फूलों को प्रतिबिंबित करता है, प्रकाश और छाया पेइचिंग को रोशन करते हैं” विषय पर आधारित यह भव्य आयोजन दुनिया को एक स्पष्ट संदेश देता है: चीनी सिनेमा अब केवल बॉक्स ऑफिस के चमत्कारों से संतुष्ट नहीं है, बल्कि “सांस्कृतिक सहानुभूति”, “तकनीकी पुनर्निर्माण” और “संपूर्ण उद्योग श्रृंखला” के पारिस्थितिकी तंत्र द्वारा चिह्नित उच्च-गुणवत्ता वाले विकास के एक नए चरण में प्रवेश कर चुका है।
एक समय था जब फिल्म महोत्सव केवल फिल्म प्रेमियों का उत्सव हुआ करते थे, जो आम नागरिकों के दैनिक जीवन से कुछ हद तक अलग रहते थे। लेकिन इस वर्ष के पेइचिंग अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव और फिल्म संस्कृति कार्निवल के संयुक्त आयोजन ने इस अदृश्य दूरी को पूरी तरह समाप्त कर दिया है। “पेइचिंग फिल्म लाइफ फेस्टिवल” और इससे जुड़ी पहलों, जैसे “फिल्मों के साथ यात्रा”, “फिल्मों के साथ व्यंजन का आनंद” और “टिकट स्टब अर्थव्यवस्था”, के माध्यम से फिल्म एक कला के रूप में शहर के ताने-बाने में गहराई से समा गई है।
आंकड़ों से पता चलता है कि पिछले पेइचिंग अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के दौरान केवल “टिकट स्टब अर्थव्यवस्था” ने आसपास के व्यावसायिक क्षेत्रों में अरबों युआन के उपभोग में उल्लेखनीय वृद्धि की। इस “अपने दायरे से बाहर निकलने” की प्रवृत्ति के पीछे चीनी फिल्म संस्कृति में बढ़ता आत्मविश्वास है। फिल्म अब केवल कला के गलियारों में सीमित रहने वाली “सातवीं कला” नहीं रही, बल्कि लोगों के दैनिक जीवन का एक अभिन्न हिस्सा बन गई है।
बाजार का प्रदर्शन भी इस प्रवृत्ति की पुष्टि करता है। वर्ष 2025 में चीनी सिनेमा का कुल बॉक्स ऑफिस राजस्व 50 अरब युआन से अधिक हो गया, जिसमें घरेलू फिल्मों का योगदान 80 प्रतिशत से अधिक रहा। “नेचा 2” जैसी फिल्मों ने न केवल चीन में सिनेमा देखने के प्रति उत्साह बढ़ाया, बल्कि विदेशों में भी 39.4 करोड़ युआन का प्रभावशाली बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन किया।
2026 में प्रवेश करते हुए यह गति बरकरार है। 14 अप्रैल तक चीन का 2026 का कुल बॉक्स ऑफिस राजस्व (प्री-सेल्स सहित) 12.5 अरब युआन से अधिक हो चुका है। फरवरी में चीनी पारंपरिक वसंत उत्सव के दौरान घरेलू स्तर पर निर्मित कई फिल्में एक साथ दुनिया के अनेक देशों में सिनेमाघरों में प्रदर्शित की गईं, और इन फिल्मों में प्रस्तुत चीनी सांस्कृतिक तत्व विदेशी दर्शकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। साथ ही, चीनी सिनेमा सभ्यताओं के बीच आदान-प्रदान और आपसी सीख को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
अंतर्राष्ट्रीय आदान-प्रदान के स्तर पर इस वर्ष के पेइचिंग अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव ने अधिक खुले और समावेशी सांस्कृतिक दृष्टिकोण को प्रदर्शित किया। 139 देशों और क्षेत्रों से कुल 1,826 फिल्में प्राप्त हुईं, जिनमें 88 प्रतिशत अंतरराष्ट्रीय फिल्में हैं। मुख्य प्रतियोगिता खंड “थ्येनथान पुरस्कार” के लिए जूरी में देश-विदेश के 7 प्रतिष्ठित फिल्म विशेषज्ञ शामिल हैं, जिनकी अध्यक्षता फ्रांसीसी अभिनेत्री जूलियट बिनोचे कर रही हैं। इस तरह की उच्च स्तरीय अंतरराष्ट्रीय भागीदारी न केवल दुनिया के सामने चीनी फिल्मों की ताकत प्रस्तुत करती है, बल्कि वैश्विक विमर्श प्रणाली में चीनी सिनेमा के सक्रिय एकीकरण का एक जीवंत उदाहरण भी है।
16वां पेइचिंग अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव और सीएमजी फिल्म संस्कृति कार्निवल “15वीं पंचवर्षीय योजना” (2026-2030) की शुरुआत के साथ आयोजित हुआ। जब “थ्येनथान” “सौ फूल पुरस्कार” से मिलता है और जब फिल्म जीवन से जुड़ती है, तब चीनी सिनेमा द्वारा लिखा जा रहा नया अध्याय केवल एक अच्छी कहानी सुनाने तक सीमित नहीं रहता; यह एक जीवंत, समावेशी और तकनीकी रूप से उन्नत फिल्म पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ता है। इस वसंत में चीनी सिनेमा अधिक संयम, आत्मविश्वास और विविधता के साथ विश्व फिल्म मंच के केंद्र की ओर दृढ़ता से अग्रसर हो रहा है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
–आईएएनएस
एबीएम/
