नहीं रहे चेल्सी के पूर्व ऑल-टाइम टॉप गोल स्कोरर बॉबी टैंबलिंग, 84 साल की उम्र में निधन


लंदन, 4 जून (आईएएनएस)। वेस्ट लंदन क्लब चेल्सी के पूर्व रिकॉर्ड गोल स्कोरर और दिग्गज फुटबॉलर बॉबी टैंबलिंग ने गुरुवार को 84 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया।

चेल्सी ने अपने स्टार खिलाड़ी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें अपने सबसे दिग्गज खिलाड़ियों में से एक बताया। चेल्सी ने कहा है कि टैंबलिंग के साथ उनके क्लब का इतिहास उनके नाम को बहुत बड़े अक्षरों में लिखता है।”

चेल्सी ने एक बयान में कहा, “चेल्सी फुटबॉल क्लब ने 84 साल की उम्र में बॉबी टैंबलिंग के निधन के साथ अपने सबसे दिग्गज खिलाड़ियों में से एक को खो दिया है। इस मुश्किल समय में हम बॉबी के परिवार और दोस्तों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।”

टैंबलिंग के परिवार के एक प्रवक्ता ने कहा, “बॉबी के निधन की घोषणा करते हुए हमारा दिल टूट गया है। उनका निधन शांतिपूर्वक हुआ, उस समय उनके प्रियजन-वैल, जेमी, फ्रैंकी और एडिलेड-उनके आस-पास मौजूद थे। हम मोंटेनोट में ‘केयरचॉइस होम’ के प्रति बहुत आभारी हैं, जहां पिछले कुछ वर्षों में बॉबी की बहुत अच्छी देखभाल की गई, जब वह डिमेंशिया के खिलाफ अपनी सबसे कठिन लड़ाई लड़ रहे थे। वह हमारे लिए ढेर सारी प्यारी यादें छोड़ गए हैं।”

बयान में आगे कहा गया, “फुटबॉल ही उनकी जिंदगी थी, और चेल्सी ही उनका हमेशा का घर था; स्टैमफोर्ड ब्रिज में फैंस के साथ फुटबॉल पर चर्चा करने से ज्यादा खुशी उन्हें कहीं और नहीं मिलती थी। हम उन्हें शब्दों में बयां न की जा सकने वाली हद तक याद करेंगे।”

टैंबलिंग ने 45 साल तक चेल्सी के लिए सर्वाधिक गोल करने का रिकॉर्ड अपने नाम रखा था। आखिरकार, साल 2013 में फ्रैंक लैम्पार्ड ने उनके 202 गोलों के रिकॉर्ड को तोड़ा।

टैंबलिंग एक स्टाइलिश और रोमांचक चेल्सी टीम का भी हिस्सा थे, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय खिलाड़ी शामिल थे। साल 1965 में ‘ब्लूज’ (चेल्सी) को उनकी पहली नॉकआउट ट्रॉफी, लीग कप जिताने में मदद की थी।

दक्षिण तट के पास स्थित हेयलिंग द्वीप में जन्मे टैंबलिंग 15 साल की उम्र से ही जूनियर टीम के लिए जबरदस्त गोल स्कोरर थे, जिन्हें महज 17 साल की उम्र में ही मुख्य टीम में डेब्यू का मिल गया था। टैंबलिंग ने अपने करियर का समापन आयरलैंड गणराज्य में किया और वहीं के कॉर्क शहर में बस गए, जहां स्थानीय टीमों (कॉर्क सेल्टिक, कॉर्क सिटी और क्रॉसहेवन) के मैनेजर की भूमिका निभाई।

–आईएएनएस

आरएसजी


Related Articles

Latest News