हर कोई टीम की जीत में योगदान दे रहा है, जो अच्छे संकेत हैं: रजत पाटीदार


रायपुर, 14 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 57वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने बुधवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को 6 विकेट से हराया। सीजन की आठवीं जीत से आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार गदगद नजर आए। उन्होंने कहा कि हर कोई टीम की जीत में अहम योगदान दे रहा है, जो अच्छे संकेत हैं।

केकेआर के खिलाफ मिली जीत के साथ ही आरसीबी अंक तालिका में फिर से पहले स्थान पर आ गई है। टीम के शानदार प्रदर्शन को लेकर रजत पाटीदार ने कहा, “बेशक, यह बहुत अच्छा लगता है। आप जानते हैं कि आपने टूर्नामेंट में अच्छा खेला है और मुझे लगता है कि हर कोई अलग-अलग स्टेज पर टीम की जीत में अहम योगदान दे रहा है, जो अच्छे संकेत हैं। अंक तालिका में टॉप पर होना, यह हमेशा एक अच्छी बात होती है। टीम के लिए अच्छा है।”

रजत ने गेंदबाजों के प्रदर्शन की भी सराहना की। उन्होंने कहा, “गेंदबाजों के प्रदर्शन से काफी संतुष्ट हूं। हमने शानदार तरीके से पारी को कंट्रोल किया। 10 ओवरों के बाद केकेआर का रन रेट लगभग 10-11 का चल रहा था। ऐसे में उनको वहां से 192 रनों पर रोकना शानदार प्रयास रहा। यह हमारे लिए अच्छी बात है।” रजत ने कोहली की शतकीय पारी को लेकर कहा कि उनके पास इस पारी के लिए शब्द नहीं है। आरसीबी के कप्तान ने कहा, “कोहली की पारी बहुत बेहतरीन थी। मेरे पास बोलने के लिए शब्द नहीं हैं, लेकिन उन्हें ऐसा दमदार प्रदर्शन करने की आदत है।”

रजत ने फिल साल्ट की इंजरी को लेकर अपडेट देते हुए बताया, “मुझे नहीं पता है कि वह कब लौटेंगे, लेकिन मेरे हिसाब से वह जल्द ही वापसी करने वाले हैं। दो और लीग मैच हैं और हम एक बार में एक ही गेम पर फोकस कर रहे हैं। हम अब यहां से धर्मशाला जाएंगे, जहां की पिच बल्लेबाजी के लिए मददगार रहती है। ऐसे में हम उस मुकाबले और फिर सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ जीत दर्ज करने की पूरी कोशिश करेंगे।”

–आईएएनएस

एसएम/पीएम


Related Articles

Latest News