दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिए निर्देश, दोपहर में 3 घंटे तक मजदूरों को मिलेगी छुट्टी


नई दिल्ली, 2 मई (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भीषण गर्मी और लू से बचाव के लिए लगातार उपाय करने के निर्देश अधिकारियों को जारी कर रही हैं। इसके साथ ही खुद भी इस पर ध्यान दे रही हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री ने मजदूरों को दोपहर में 3 घंटे की छुट्टी देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री ने एक्स पोस्ट पर एक वीडियो साझा करते हुए लिखा, “हीट वेव (लू) का असर सभी लोगों पर पड़ता है, लेकिन सबसे ज्यादा दिक्कत उन मजदूरों और श्रमिकों को होती है जो तेज धूप में काम करते हैं। सरकार के निर्देशानुसार, दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक सभी मजदूरों को आराम दिया जाना जरूरी है, चाहे वे प्राइवेट में काम कर रहे हों या सरकारी काम में।”

मुख्यमंत्री ने आगे कहा, “डीटीसी की बसों में यात्रियों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था की गई है। बस शेल्टर पर जल सेवक तैनात किए जा रहे हैं, जो लोगों को पानी और ओआरएस देंगे। अस्पतालों में हीट वेव से जुड़ी सभी जरूरी दवाइयां और इलाज की व्यवस्था कर दी गई है। अस्पतालों में ठंडे स्थान (कूलिंग एरिया) बनाए जा रहे हैं। स्कूलों में भी बच्चों के लिए पानी और ओआरएस की व्यवस्था पहले से कर ली गई है। वॉलंटियर्स अलग-अलग जगहों पर कैप और कॉटन मफलर बांट रहे हैं, ताकि लोग खुद को गर्मी से बचा सकें।”

इसके पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने डीटीसी अधिकारियों को निर्देश दिया था कि 23 प्रमुख बस टर्मिनलों पर यात्रियों और कर्मचारियों को मुफ्त पीने का पानी उपलब्ध कराने के लिए जलदूत तैनात करें।

एक बयान में कहा गया कि स्वास्थ्य के मोर्चे पर दिल्ली भर में 339 से ज्यादा स्वास्थ्य केंद्रों को ओआरएस, आइस पैक और संबंधित जरूरी सामानों से लैस किया गया है, जबकि 30 से ज्यादा अस्पतालों में अब लू के इलाज के लिए विशेष ‘कूल रूम’ बनाए गए हैं। इसके अलावा, 174 मेडिकल अधिकारियों और आशा कार्यकर्ताओं को लू से जुड़ी बीमारियों से निपटने के लिए प्रशिक्षित किया गया है और आपातकालीन प्रतिक्रिया के लिए 330 एम्बुलेंस को तैयार रखा गया है।

–आईएएनएस

ओपी/पीएम


Related Articles

Latest News