महिला टी20 विश्व कप में पांच विकेट लेने वाली दीप्ति शर्मा तीसरी भारतीय गेंदबाज बनीं


एजबेस्टन, 14 जून (आईएएनएस)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने टी20 विश्व कप 2026 में अपने सफर का आगाज पाकिस्तान के खिलाफ धमाकेदार जीत के साथ किया है। भारत ने पाकिस्तान को 64 रन से हराया। पाकिस्तान पर भारत की दमदार जीत में स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा की यादगार गेंदबाजी का अहम योगदान रहा, और इसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

दीप्ति ने बेहतरीन गेंदबाजी की और 4 ओवर में मात्र 10 रन देते हुए 5 विकेट झटके। इस प्रदर्शन के साथ दीप्ति भारत की तीसरी ऐसी भारतीय महिला गेंदबाज बन गईं जिन्होंने टी20 विश्व कप में 5 विकेट लिया है।

दीप्ति से पहले रेणुका ठाकुर और प्रियंका रॉय यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं। रेणुका ने 2023 विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ 15 रन देकर 5 विकेट लिए थे। प्रियंका रॉय ने 2009 में पाकिस्तान के खिलाफ ही 16 रन देकर 5 विकेट लिए थे। दीप्ति का स्पेल इन दोनों से किफायती रहा है।

मैच पर गौर करें तो भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 170 रन बनाए थे। भारत की तरफ से मंधाना ने बेहतरीन अर्धशतक लगाया। वह 44 गेंदों पर 68 रन बनाकर आउट हुईं। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 35 गेंदों पर 36 रन बनाए। पारी के आखिर में विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने 17 गेंदों पर 1 छक्का और 5 चौके की मदद से 34 रन की पारी खेली।

171 रन के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पाकिस्तान के लिए मुनीबा अली एकमात्र सफल बल्लेबाज रहीं। मुनीबा ने 35 गेंदों पर 41 रन बनाए। इसके अलावा सभी बल्लेबाज फ्लॉप रहे। पाकिस्तान की पूरी टीम 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई।

भारत की तरफ से दीप्ति शर्मा के अलावा श्री चरणी ने भी घातक गेंदबाजी की। चरणी ने 4 ओवर में 21 रन देकर 3 विकेट लिए। शेफाली वर्मा को 1 विकेट मिला।

–आईएएनएस

पीएके


Related Articles

Latest News