चंकी पांडे पहुंचे अमेरिकी गृह युद्ध के ऐतिहासिक मैदान पर, तस्वीरें शेयर कर फैंस को दी खास सलाह


मुंबई, 26 मई (आईएएनएस)। अभिनेता चंकी पांडे इन दिनों अमेरिका की यात्रा पर हैं। मंगलवार को उन्होंने अपनी इस खास और ऐतिहासिक ट्रिप की झलकियां प्रशंसकों के साथ शेयर की।

चंकी पांडे अमेरिका के प्रसिद्ध ‘फर्स्ट बैटल ऑफ बुल रन’ मैदान को देखने पहुंचे। अभिनेता ने इस ऐतिहासिक जगह की कुछ शानदार तस्वीरें इंस्टाग्राम पर पोस्ट कीं, जिनमें वे वादियों और ऐतिहासिक स्मारकों का आनंद लेते नजर आ रहे हैं। उन्होंने लिखा, “अमेरिकी गृह युद्ध की पहली लड़ाई ‘फर्स्ट बैटल ऑफ बुल रन’ यहां लड़ी गई थी।

इसी के साथ ही चंकी ने अमेरिका में रह रहे या वहां घूमने जाने वाले लोगों को एक बेहतरीन सलाह देते हुए लिखा, “अगर आप डीएमवी (वॉशिंगटन डीसी, मैरीलैंड और वर्जीनिया) इलाके में हैं, तो यह जगह जरूर घूमने जाएं। साथ ही नेशनल हार्बर भी देखने लायक जगह है।”

अमेरिकी गृह युद्ध की पहली बड़ी लड़ाई (फर्स्ट बैटल ऑफ बुल रन) वर्जीनिया राज्य के मनसास शहर के पास लड़ी गई थी। यह स्थान वाशिंगटन डी.सी. से लगभग 30 मील (48 किलोमीटर) दक्षिण-पश्चिम में स्थित था। इस युद्ध में कॉन्फेडरेट (दक्षिणी) सेना विजयी हुई थी, जिससे दोनों पक्षों को यह एहसास हुआ था कि यह युद्ध लंबा और बेहद खूनी होगा।

चंकी पांडे जल्द ही डेविड धवन की रोमांटिक कॉमेडी फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ में दर्शकों का मनोरंजन करते दिखेंगे। हमेशा की तरह इस फिल्म में भी उनका किरदार दर्शकों को हंसाने और भरपूर मनोरंजन का तड़का लगाने वाला है। इस फिल्म में वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े मुख्य भूमिकाओं में हैं। इनके साथ मनीष पॉल, जिमी शेरगिल और मौनी रॉय जैसे बेहतरीन कलाकार अहम किरदारों में नजर आएंगे।

–आईएएनएस

एनएस/वीसी


Related Articles

Latest News