चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस की अध्यक्षता की


बीजिंग, 18 मई (आईएएनएस)। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता क्वो च्याखुन ने एक नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की।

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन की चीन की राजकीय यात्रा की खबर के संबंध में, क्वो च्याखुन ने बताया कि यह राष्ट्रपति पुतिन की चीन की 25वीं यात्रा होगी। इस यात्रा के दौरान, दोनों राष्ट्राध्यक्ष द्विपक्षीय संबंधों, विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग और साझा चिंताओं से जुड़े अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। इस वर्ष चीन-रूस रणनीतिक सहयोग साझेदारी की स्थापना की 30वीं वर्षगांठ, चीन और रूस के बीच सद्भावना और मैत्रीपूर्ण सहयोग संधि पर हस्ताक्षर की 25वीं वर्षगांठ और ‘चीन-रूस शिक्षा वर्ष’ की शुरुआत का जश्न मनाया जा रहा है। दोनों पक्ष इस अवसर पर चीन-रूस संबंधों को और अधिक गहरे और उच्च स्तर पर ले जाएंगे, जिससे विश्व में अधिक स्थिरता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चीन यात्रा के बारे में, क्वो च्याखुन ने कहा कि इस यात्रा के दौरान, दोनों राष्ट्राध्यक्षों ने ‘चीन-अमेरिका रचनात्मक रणनीतिक स्थिरता संबंध’ को द्विपक्षीय संबंधों की नई स्थिति के रूप में परिभाषित करने पर सहमति व्यक्त की, कूटनीति और व्यापार जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उच्च स्तरीय आदान-प्रदान और संवाद तथा सहयोग के अगले चरण की योजना बनाई और साझा चिंता के अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय ज्वलंत मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया। चीन दोनों राष्ट्राध्यक्षों द्वारा हासिल की गई महत्वपूर्ण सहमति को पूरी तरह और सटीक रूप से लागू करने के लिए अमेरिका के साथ काम करने को तैयार है।

विश्व स्वास्थ्य सम्मेलन के दौरान थाइवान द्वारा संबंधित गतिविधियों के आयोजन के इरादे के संबंध में, क्वो च्याखुन ने कहा कि दुनिया में केवल एक ही चीन है, थाइवान चीन के भूभाग का अभिन्न अंग है, और चीन लोक गणराज्य की सरकार ही संपूर्ण चीन का प्रतिनिधित्व करने वाली एकमात्र कानूनी सरकार है। विश्व स्वास्थ्य संगठन जैसे अंतर्राष्ट्रीय संगठनों को थाइवान से संबंधित मुद्दों को एक-चीन सिद्धांत के अनुसार ही निपटाना चाहिए।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

–आईएएनएस

एबीएम/


Related Articles

Latest News