भाजपा मेरी मां है और मैं पार्टी का सच्चा सेवक हूं और आजीवन रहूंगा: पवन सिंह

[ad_1]

202606063815728

पटना, 6 जून (आईएएनएस)। भाजपा ने भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह को आगामी बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है। शनिवार को वह पटना स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने बिहार भाजपा चीफ संजय सरावगी से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से भी मुलाकात की।

संजय सरावगी से मुलाकात के बाद पवन सिंह ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि भाजपा मेरी मां है और मैं भाजपा का सच्चा सेवक हूं। आजीवन ऐसा ही रहूंगा। अपनी मां से कोई दूर नहीं रह सकता।

विधान परिषद उम्मीदवार बनाए जाने पर पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए पवन सिंह ने कहा कि मैं पीएम मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, बिहार भाजपा चीफ संजय सरावगी और सीएम सम्राट चौधरी का आभार जताना चाहता हूं कि उन्होंने मुझे यह जिम्मेदारी दी है।

पवन सिंह ने स्पष्ट कहा कि वे केवल सेवा करना चाहते हैं और पूरी ईमानदारी व निष्ठा के साथ पार्टी परिवार तथा बिहार की जनता की सेवा में जुटे रहेंगे।

पटना में आईएएनएस से बात करते हुए पवन सिंह ने कहा कि मैं अपने बिहार की जनता को दिल से नमन करता हूं और वादा करता हूं कि मुझे सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाऊंगा। यह मेरा वादा है।

5 जून को आगामी बिहार विधान परिषद चुनावों के लिए भाजपा ने अपने उम्मीदवारों की आधिकारिक सूची जारी कर दी है। इसमें चार उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया है, जिसमें भोजपुरी फिल्म स्टार पवन सिंह को शामिल करने से काफी राजनीतिक चर्चा हो रही है।

इन नामों की घोषणा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह के हस्ताक्षर से जारी एक आधिकारिक बयान के जरिए की गई। पवन सिंह का नामांकन भाजपा की घोषणा का सबसे अहम पहलू माना जा रहा है।

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में पवन सिंह ने भाजपा उम्मीदवारों के लिए जमकर प्रचार किया था। सिंगर और अभिनेता पवन सिंह ने पीएम मोदी और तत्कालीन सीएम नीतीश कुमार को लेकर एक गीत भी गाया था, जो बिहार विधानसभा चुनाव और परिणाम के दौरान खूब वायरल हुआ था। पवन सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की सरकार की दोबारा वापसी कराने के लिए कड़ी मेहनत की थी, जिसका परिणाम यह है कि उन्हें अब भाजपा ने आगामी बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है।

–आईएएनएस

डीकेएम/वीसी

[ad_2]

Related Articles

Latest News