मंदसौर, 9 मई (आईएएनएस)। मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) राजस्थान ने मंदसौर जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गुप्त मेफेड्रोन लैब का भंडाफोड़ किया है। सीबीएन अधिकारियों ने 8 मई 2026 को तहसील दलौदा के लसूड़िया इलाका गांव के बाहरी क्षेत्र में संचालित अवैध सिंथेटिक ड्रग्स निर्माण इकाई पर छापा मारकर भारी मात्रा में मादक पदार्थ और केमिकल जब्त किए।
सीबीएन को विशिष्ट एवं विश्वसनीय खुफिया सूचना मिली थी कि खेती की जमीन पर बने एक कमरे और उसके आसपास के क्षेत्र में सिंथेटिक ड्रग्स तैयार करने वाली अवैध प्रयोगशाला संचालित की जा रही है। सूचना के आधार पर सीबीएन चित्तौड़गढ़-वन, टू एवं थ्री डिवीजन के अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजी गई।
कड़ी निगरानी, जमीन की मैपिंग और लक्ष्य स्थान की पहचान के बाद टीम ने गुप्त लैब के संचालन की पुष्टि की। क्षेत्र की संवेदनशीलता और वहां पूर्व में कानून-व्यवस्था से जुड़ी गतिविधियों के कुख्यात इतिहास को देखते हुए सीबीएन की मध्य प्रदेश यूनिट से अतिरिक्त ऑपरेशनल सहायता भी ली गई। सीबीएन प्रिवेंटिव सेल की टीम भी कुछ ही समय में मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद संयुक्त रूप से अभियान चलाया गया।
टीम ने कमरे और आसपास के क्षेत्र की गहन तलाशी ली, जिसमें मेफेड्रोन निर्माण के लिए बनाए गए छिपे हुए सेटअप का खुलासा हुआ। कार्रवाई के दौरान लैब को ध्वस्त कर दिया गया और बड़ी मात्रा में अवैध सामग्री जब्त की गई।
सीबीएन द्वारा जब्त सामग्री में 21.189 किलोग्राम मेफेड्रोन, 0.487 किलोग्राम अफीम, एचसीएल सहित 30.800 लीटर विभिन्न केमिकल्स तथा 10 बैग लैब उपकरण और ड्रग्स निर्माण सामग्री शामिल है। अधिकारियों के अनुसार इन उपकरणों और केमिकल्स का उपयोग अवैध सिंथेटिक ड्रग्स तैयार करने में किया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान इस अवैध कारोबार में शामिल दो लोगों को मौके से हिरासत में लिया गया। बाद में, दोनों आरोपियों को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट, 1985 के संबंधित प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।
सीबीएन अधिकारियों ने बताया कि इतनी बड़ी मात्रा में सिंथेटिक मादक पदार्थों की जब्ती और गुप्त लैब का भंडाफोड़ करना क्षेत्र में सक्रिय संगठित नारकोटिक्स नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता है। मामले में सिंडिकेट के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक, प्रीकर्सर केमिकल्स के स्रोत, फाइनेंशियल ट्रेल और संभावित अंतरराज्यीय कनेक्शन की जांच जारी है।
केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि इस तरह की कार्रवाई समाज, विशेषकर युवाओं को नशे की भयावह समस्या से बचाने और ‘नशा मुक्त भारत’ अभियान को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
पूरी कार्रवाई उप नारकोटिक्स आयुक्त कोटा (राजस्थान) नरेश बुंदेल के मार्गदर्शन में संपन्न की गई।
सीबीएन ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे और मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित किसी भी जानकारी को साझा करने के लिए कंट्रोल रूम नंबर 0744-2438928, व्हाट्सएप नंबर 8764748232 पर संपर्क करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
–आईएएनएस
एमएस/
