बांग्लादेश बनाम न्यूजीलैंड: बारिश से प्रभावित टी20 मुकाबले में कीवी टीम 6 विकेट से जीती, सीरीज 1-1 से ड्रॉ


ढाका, 2 मई (आईएएनएस)। बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच तीन मुकाबलों की टी20 सीरीज 1-1 से बराबरी पर खत्म हुई। बारिश से प्रभावित अंतिम मैच में न्यूजीलैंड ने डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर 6 विकेट से जीत दर्ज की।

बांग्लादेश के दौरे पर वनडे सीरीज 1-2 से गंवाने के बाद न्यूजीलैंड को टी20 सीरीज के पहले मैच में 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद अगला मुकाबला बारिश के चलते रद्द हो गया। ऐसे में सीरीज का तीसरा मैच निर्णायक बन गया था।

शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में बांग्लादेशी टीम 14.2 ओवरों में महज 102 रन पर सिमट गई। सैफ हसन ने तंजीद हसन के साथ 3.1 ओवरों में 21 रन की साझेदारी की। सैफ 11 गेंदों में 2 चौकों के साथ 16 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

पांचवें ओवर की तीसरी और चौथी गेंद पर मेजबान टीम तंजीद हसन (6) और परवेज हुसैन (0) के विकेट गंवाकर परेशानी में आ गई थी। बांग्लादेशी टीम ने 6.4 ओवरों में 3 विकेट गंवाकर 50 रन बना लिए थे। इसी बीच बारिश ने दखल दी। मुकाबला फिर से शुरू हुआ, तो 5-5 ओवरों की कटौती कर दी गई।

कप्तान लिटन दास ने तौहीद हृदय के साथ चौथे विकेट के लिए 22 गेंदों में 28 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 63 के स्कोर तक पहुंचाया। लिटन 17 गेंदों में 4 बाउंड्री के साथ 26 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद तौहीद ने शमीम हुसैन (3) के साथ पांचवें विकेट के लिए 19 गेंदों में 23 रन जोड़कर टीम को 86 के स्कोर तक पहुंचाया।

तौहीद ने बांग्लादेश के खाते में 33 रन का योगदान दिया। 24 गेंदों की इस पारी में 2 छक्के और 3 चौके लगाए। मेहमान टीम की तरफ से जोश क्लार्कसन ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि नाथन स्मिथ और बेन सियर्स ने 2-2 विकेट निकाले। जेडेन लेनोक्स और ईश सोढ़ी को 1-1 विकेट हाथ लगा।

न्यूजीलैंड को जीत के लिए 15 ओवरों में 103 रन का टारगेट मिला, जिसे इस मेहमानों ने 11.4 ओवरों में हासिल कर लिया। न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। इस टीम ने 5 ओवरों में 4 विकेट गंवा दिए थे, जबकि खाते में सिर्फ 33 रन जुड़ सके थे। यहां से बेवोन जैकब्स ने डीन फॉक्सक्रॉफ्ट के साथ 40 गेंदों में 71 रन की अटूट साझेदारी करते हुए कीवी टीम को जीत दिलाई।

जैकब्स 31 गेंदों में 3 छक्कों और 5 चौकों के साथ 62 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि डीन ने 15 गेंदों में इतने ही रन की नाबाद पारी खेली। बांग्लादेश की तरफ से शोरिफुल इस्लाम ने 19 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। मेहदी हसन ने 1 विकेट निकाला।

–आईएएनएस

आरएसजी


Related Articles

Latest News