उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद यानी यूपी बोर्ड ने रिकार्ड समय में 23 अप्रैल को कक्षा दस और 12 की परीक्षा का रिजल्ट घोषित किया था। तीन दिन के अवकाश के बाद बोर्ड के अधिकारी फिर सक्रिय हो गए हैं और किसी भी विद्यार्थी की मार्कशीट या सर्टिफिकेट में किसी भी प्रकार की त्रुटि को सुधारने की तैयारी में लग गए है।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह के आदेश के अनुसार बोर्ड की परीक्षा में शामिल होने वाले हर विद्यार्थी को फार्म और अन्य विवरण में सुधार करने के लिए परीक्षा से पहले पर्याप्त मौका दिया गया था।परिणाम घोषित होने के बाद भी अगर अंक पत्र (मार्कशीट) या प्रमाण पत्र (सर्टिफिकेट) में कोई गडबड़ी है तो उनमें सुधार के लिए आनलाइन अप्लाई कर दें।
बोर्ड का प्रयास है कि हर विद्यार्थी के पास त्रुटि रहित अंक पत्र और प्रमाण पत्र हो।छह मई के बाद से सुधार का कार्य होगा और कोई प्रार्थना पत्र स्वीकार नहीं किया जाएगा। विद्यार्थी बोर्ड की वेबसाइट upmsp.edu.in पर लॉग इन कर निर्धारित प्रारूप को मैन्युअल डाउनलोड कर लें।
इसके बाद प्रधानाचार्य द्वारा निर्धारित प्रारूप में आवशयक संशोधन का विवरण मैन्युअल (संलग्नक) के अनरूप स्पष्ट रूप से स्वयं अंकित करते हुए, स्वयं ही सत्यापित कर, संबंधित जिला विद्यालय निरीक्षक से अनुमोदन प्राप्त कर विद्यालय द्वारा पुनः वेबसाइट पर लॉग इन करते हुए पूरित प्रारूप एवं समस्त आवश्यक अभिलेख / साक्ष्य परिषद् की वेबसाइट पर 27 अप्रैल से छह मई सांय छह बजे तक अपलोड कर दें।बोर्ड के सचिव ने निर्देश दिया कि यदि किसी विद्यालय ने निर्धारित अवधि में संशोधन अपेक्षित होने के बाद भी पोर्टल पर आवेदन प्रस्तुत नहीं किया या बोर्ड से प्रमाणपत्र और अंकपत्र जारी होने के बाद संशोधन की अपेक्षा की तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।
