पटना, 28 जुलाई (आईएएनएस)। एंटी-पेपर लीक बिल को लेकर जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने सरकार के कदम का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि नई तकनीक के विकास के साथ नई चुनौतियां भी सामने आई हैं और कुछ लोग इसी का गलत इस्तेमाल कर छात्रों की मेहनत और योग्यता को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रश्न पत्र लीक जैसी घटनाएं छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं और इसे रोकने के लिए कड़े कानून की जरूरत है।
नीरज कुमार ने कहा कि पेपर लीक का मुद्दा किसी राजनीतिक दल या पक्ष-विपक्ष तक सीमित नहीं है, बल्कि यह छात्रों के हितों से जुड़ा गंभीर विषय है। पहले भी कई राज्यों में प्रश्न पत्र लीक की घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकारों का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी ऐसी घटनाएं हुईं, लेकिन कितने दोषियों को जेल भेजा गया और कितनों पर प्रभावी कार्रवाई हुई, यह स्पष्ट नहीं है।
उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने पेपर लीक मामले में तेजी से कार्रवाई की है और आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी परीक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए विशेषज्ञों की समिति बनाने की बात कही है। इंफोसिस के चेयरमैन के नेतृत्व में पांच विशेषज्ञों की समिति परीक्षा प्रक्रिया को बेहतर बनाने की कोशिश है।
नीरज कुमार ने कहा कि परीक्षा आयोजित होने के बावजूद जिन छात्रों का समय बर्बाद हुआ और जिन अभिभावकों को मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा, उसके लिए जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से कड़े कानून लाए जा रहे हैं और उम्मीद है कि विपक्ष भी इस मुद्दे पर सकारात्मक सुझाव देगा। उन्होंने कहा कि यह आलोचना का नहीं, बल्कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए चिंतन का विषय है।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर एक पुलिसकर्मी द्वारा कथित रूप से एके-47 से फायरिंग के मामले पर भी नीरज कुमार ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि संबंधित पुलिसकर्मी को निलंबित किया गया है और विभागीय कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी उस समय एक रेड से लौट रहा था और मौके पर भीड़ जमा थी, जिसके बाद उसने हवाई फायरिंग की जो कि सही नहीं था, इसलिए कार्रवाई की गई।
उन्होंने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव छात्र प्रदर्शन के दौरान बिहार में मौजूद नहीं थे और उन्हें राज्य के हालात पर सवाल उठाने से पहले अपनी भूमिका स्पष्ट करनी चाहिए।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस्तीफे की मांग को लेकर भी नीरज कुमार ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं। उन्हें भी इस्तीफा दे देना चाहिए। बंगाल में ममता दीदी को उन पर विश्वास नहीं है। विभिन्न जगहों पर क्षेत्रीय पार्टियां कांग्रेस पार्टी को नकार रही हैं। ऐसे में आप भी विपक्ष के नेता पद से इस्तीफा दे दीजिए।”
–आईएएनएस
पीआईएम/पीएम
