पटना, 22 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के बकरीद पर बैल, गाय और भैंस की कुर्बानी पर प्रतिबंध लगाए जाने को केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने सही बताया है। उन्होंने कहा कि इस पर राजनीति नहीं करना चाहिए।
सतीश चंद्र दुबे ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि हम लोग गाय की पूजा करते हैं और उनकी कुर्बानी देना सही नहीं है। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ने जो भी आदेश दिया है उसका हम समर्थन करते हैं। चाहे बकरीद हो या कोई दिन हो, इस तरह का काम नहीं करना चाहिए जिससे हिंदुओं की आस्था को ठेस पहुंचे। अगर कोई राज्य सरकार प्रतिबंध लगाती है तो उसके आदेश को सही से मानना चाहिए।
पश्चिम बंगाल सरकार ने एक औपचारिक सार्वजनिक सूचना जारी की है। इसमें फिटनेस सर्टिफिकेट के बिना गाय और भैंस के कुर्बानी पर सख्त प्रतिबंध को दोहराया गया है। 27 मई को बकरीद से पहले सरकार ने यह नोटिस जारी किया। नोटिस में कहा गया है कि बिना प्रमाण पत्र के किसी भी बैल, बछड़े, गाय या भैंस की कुर्बानी नहीं दी जा सकती है। प्रमाण पत्र पर दो अलग-अलग अधिकारियों के हस्ताक्षर होने चाहिए, उल्लंघन को संज्ञेय अपराध माना जाएगा, जिसके लिए छह महीने तक की कैद और एक हजार रुपए तक के जुर्माने की सजा हो सकती है।
नीट पेपर लीक मामले पर सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि इस मामले में जांच चल रही है। जल्द ही और लोगों की गिरफ्तारी हो जाएगी, जिसके बाद पूरा मामला का खुलासा होगा। इसमें जो भी लोग शामिल हैं, उन सब पर कार्रवाई होगी। कोई बचने वाला नहीं है, इसीलिए सबको समय का इंतजार करना चाहिए, जिससे सच्चाई सामने आ सके।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेलोनी को मेलोडी टॉफी देने पर केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि इससे दोनों देशों में मिठास और बढ़ेगी, जिससे कई समझौते हो सकते हैं और इसका फायदा दोनों देशों को होगा। इस पर विपक्ष को राजनीति नहीं करनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुरू से ही देश के हित में काम कर रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे, इसमें कोई नई बात नहीं है।
–आईएएनएस
एसएके/वीसी
