उत्तराखंड दौरे को लेकर प्रशासन हुआ सतर्क,3 दिवसीय दौरे पर पैतृक गांव पंचूर पहुंचेंगे सीएम योगी

उत्तर प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ गुरुवार को उत्तराखंड में अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचेंगे। सूत्रों ने बताया कि योगी के आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है। पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं तथा गांव और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।

योगी अपने गृह जनपद पौड़ी गढ़वाल के पंचूर गांव में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होंगे। जानकारी के अनुसार वह करीब तीन दिनों तक गांव में प्रवास कर सकते हैं। मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने बताया कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जा रहा है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। 

योगी के दौरे को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने भी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। गांव में साफ-सफाई, यातायात और सुरक्षा व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया है। मुख्यमंत्री के पैतृक गांव पहुंचने को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। 

Related Articles

Latest News