ग्रीष्मकालीन अवकाश के चलते ट्रेनों में बढ़ी भारी भीड़ और आरक्षित सीटों की मारामारी को देखते हुए रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ा कदम उठाया है। उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल से होकर गुजरने वाली विभिन्न रूटों की कुल 18 प्रमुख रेलगाड़ियों में अस्थाई रूप से अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया गया है। यह व्यवस्था जून महीने में यात्रियों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने और अधिक से अधिक लोगों को कन्फर्म यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की जा रही है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता ने बताया कि यात्रियों की सुगम यात्रा के लिए लंबी दूरी की ट्रेनों के साथ-साथ इंटरसिटी और समर स्पेशल ट्रेनों में भी अतिरिक्त कोच जोड़े जा रहे हैं। इनमें वीआईपी ट्रेन नई दिल्ली-डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस सहित वाराणसी-इंदौर महामना एक्सप्रेस और साबरमती, अहमदाबाद रूट की कई महत्वपूर्ण गाड़ियां शामिल हैं।
हेल्पलाइन 139 और रेल मदद सक्रिय
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा होने, पूछताछ या शिकायत के लिए सीधे रेलवे की आधिकारिक हेल्पलाइन संख्या 139 अथवा ”रेल मदद” पोर्टल का उपयोग करें। इस अस्थाई कोच वृद्धि से विशेषकर मुंबई, दिल्ली, गुजरात और बिहार की तरफ आने-जाने वाले यात्रियों को भारी राहत मिलेगी, जो स्लीपर और थर्ड एसी इकोनॉमी क्लास में सीटों के लिए परेशान थे। इन कोचों की फीडिंग सिस्टम में तुरंत लागू कर दी गई है, जिससे वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों की टिकटें तेजी से कन्फर्म हो सकेंगी।
अतिरिक्त कोच लगाए जाने वाली प्रमुख ट्रेनें
एलटीटी–सुलतानपुर स्पेशल (04211/04212): इसमें 1 एसी 3-टियर इकोनॉमी कोच लगेगा। सुलतानपुर (SLN) से 3 और 10 जून को, और लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) से 4 और 11 जून को यह सुविधा मिलेगी।
