Sunday, February 22, 2026

समाजवादी पार्टी ने राममंदिर दर्शन के आमंत्रण को ठुकराया


लखनऊ, 7 फरवरी (आईएएनएस)। समजवादी पार्टी ने 11 फरवरी को राममंदिर दर्शन के लिए मिले आमंत्रण को ठुकरा दिया है। सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने 11 फरवरी को रामलला के दर्शन की बात कही है। हम समाजवादी पार्टी के लोग नहीं जाएंगे। हम भाजपा के साथ नहीं, अलग से अयोध्या जाएंगे।

बुधवार को विधानसभा में शिवपाल यादव ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि 11 फरवरी को हम लोग अयोध्या नहीं जाएंगे। हम लोग अलग से जायेंगे। इसके लिए हम अपने नेता विरोधी दल से बात करेंगे। प्राण प्रतिष्ठा में जाने के लिए तैयार थे। लेकिन उसमें हमारे अध्यक्ष को आमंत्रण नहीं मिला था।

ज्ञात हो कि उत्‍तर प्रदेश विधानसभा के सभी सदस्यों को 11 फरवरी को अयोध्‍या में भगवान राम के दर्शन के लिए विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने आमंत्रित किया है।

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि 11 फरवरी को सभी सदस्य अयोध्‍या धाम चलने के लिए आमंत्रित हैं। प्रात: आठ बजे यहां विधानसभा परिसर में सभी सदस्य आ जाएंगे और हम सभी लोग एक साथ जाएंगे।

उन्‍होंने कहा कि हमने बसों की व्‍यवस्‍था की है। मैं भी बस में चलूंगा।

–आईएएनएस

विकेटी/एसकेपी


Related Articles

Latest News