चंडीगढ़, 2 अगस्त (आईएएनएस)। पंजाब सरकार के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने भूपेश बघेल के पंजाब दौरे के दौरान कांग्रेस में हुई अंदरूनी कलह को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अनुशासनहीन पार्टी है और उसके नेता सिर्फ सत्ता की दौड़ में लगे हैं।
कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने आईएएनएस से कहा, “पंजाब से जुड़े मुद्दों पर बात करने के बजाय पंजाब कांग्रेस अभी अपनी अंदरूनी कलह में उलझी हुई है। आज देशभर में कांग्रेस पार्टी कोई जनहित का मुद्दा नहीं उठा रही है बल्कि वह अपनी अंदरूनी लड़ाइयों में फंसी हुई है।”
उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “आज वे कुर्सी के पीछे भाग रहे हैं और पंजाब के लोग कुर्सी उनको नहीं देने वाले हैं।” हरपाल चीमा ने आम आदमी पार्टी की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा, “पंजाब के लोगों को पता है कि आम आदमी पार्टी ने लगभग 4.5 साल पहले पांच गारंटियां दी थीं। हमने पांचों की पांचों गारंटियां पूरी कर दीं। तो आज मैं समझता हूं कि आने वाले समय में भी सत्ता आम आदमी पार्टी के पास रहेगी। सीएम भगवंत मान एक बार फिर मुख्यमंत्री बनेंगे।”
बता दें कि एआईसीसी प्रभारी भूपेश बघेल के पंजाब दौरे के दौरान पंजाब कांग्रेस में अंदरूनी लड़ाई और तेज हो गई थी। पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थकों ने पार्टी की बैठकों में बाधा डाली थी। सूत्रों का कहना है कि इस कलह की मुख्य वजह हाईकमान का अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को प्रदेश अध्यक्ष पद पर बनाए रखना है। इससे 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी में सत्ता के कई केंद्र बन गए हैं।
हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि जिस पार्टी के अंदर ही अनुशासन नहीं है और नेता आपस में ही लड़ रहे हैं, वह पंजाब की जनता की समस्याएं क्या सुलझाएगी। उन्होंने दावा किया कि जनता अब कांग्रेस की राजनीति को समझ चुकी है और 2027 में फिर से आम आदमी पार्टी पर भरोसा जताएगी।
–आईएएनएस
वीकेयू/पीएम
