कोलकाता, 2 अगस्त (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) और बांग्लादेशी लेखिका तसलीमा नसरीन के मुद्दे पर तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौगत रॉय ने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया दी।
सीएए के तहत नागरिकता प्रमाणपत्र वितरण कार्यक्रम पर सौगत रॉय ने कहा, “वे कुछ नहीं कर पाएंगे। सीएए कानून कई साल पहले पास हुआ था, लेकिन अब तक लागू नहीं हुआ है। इसलिए इस तरह के बयान देने का कोई मतलब नहीं है।”
बता दें कि शनिवार को पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने न्यू टाउन में आयोजित सीएए नागरिकता प्रमाणपत्र वितरण कार्यक्रम में घोषणा की थी कि राज्य में सीएए के तहत नागरिकता के लिए लंबित सभी आवेदन अगले छह महीने में निपटा दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा था कि यह कानून नागरिकता देने के लिए बनाया गया है, छीनने के लिए नहीं। इस कार्यक्रम में उत्तर 24 परगना जिले के मतुआ समुदाय के करीब 300 लोगों को नागरिकता प्रमाणपत्र दिए गए थे। सीएम अधिकारी ने आरोप लगाया था कि पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार ने “राजनीतिक लाभ” के लिए सीएए को लेकर भ्रम फैलाया था।
तसलीमा नसरीन के कोलकाता लौटने पर सीएम सुवेंदु अधिकारी के बयान पर सौगत रॉय ने कहा, “यह अच्छी बात है। सुवेंदु अधिकारी ने कहा है कि तसलीमा नसरीन एक अच्छी कवि और अच्छी लेखिका हैं। वह काफी समय से बंगाल नहीं आई थीं, अगर वह फिर आएं और लोगों से बातचीत करें तो यह सबके लिए खुशी की बात होगी। मुख्यमंत्री का जिम्मेवार है, उनको सुरक्षा देना। अगर सुरक्षा देंगे तो अच्छा है।”
बता दें कि शुक्रवार को कोलकाता लौटीं बांग्लादेशी लेखिका तसलीमा नसरीन ने ‘सेक्युलर मिशन, ह्यूमन राइट्स बियॉन्ड फ्रंटियर्स फाउंडेशन और पश्चिम बंगाल के लिए’ द्वारा रवींद्र सदन में आयोजित कार्यक्रम में कहा था कि इस्लाम की आलोचना करना या इस्लाम के बारे में सच बोलना मुसलमानों पर हमला नहीं है। मुस्लिम समुदाय में सुधार, विकास और आजादी लाना जरूरी है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी भी मौजूद थे।
इस दौरान सीएम अधिकारी ने तसलीमा नसरीन की तारीफ की और उन्हें सम्मानित लेखिका बताया। उन्होंने कहा, “नसरीन जब चाहें और जितनी बार चाहें शहर आ सकती हैं। नई सरकार ने अभिव्यक्ति की आजादी सुनिश्चित की है और संवैधानिक एवं मौलिक अधिकारों को बहाल किया है, जिससे सभी को शहर और राज्य में आने-जाने की पूरी आजादी है।”
–आईएएनएस
वीकेयू/पीएम
