'आपके शानदार प्रदर्शन ने देश का मान बढ़ाया', उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने दी सिल्वर मेडल जीतने पर हरजिंदर-गुलवीर को बधाई


नई दिल्ली, 29 जुलाई (आईएएनएस)। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के छठे दिन भारत की झोली में दो सिल्वर मेडल आए। महिला वेटलिफ्टर हरजिंदर कौर ने 227 किलो का भार उठाते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया, तो 10 हजार मीटर की दौड़ में गुलवीर ने देश को ऐतिहासिक मेडल दिलाया। भारत के इन दो एथलीटों को उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने मेडल जीतने पर बधाई दी है।

उपराष्ट्रपति ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में महिलाओं के 69 किग्रा वेटलिफ्टिंग इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने पर हरजिंदर कौर को और पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल जीतने पर गुलवीर सिंह को बहुत-बहुत बधाई। आपके शानदार प्रदर्शन ने देश का मान बढ़ाया है। हरजिंदर का दृढ़ संकल्प और पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में भारत के पहले कॉमनवेल्थ गेम्स मेडलिस्ट के तौर पर गुलवीर की ऐतिहासिक उपलब्धि अनगिनत युवा एथलीटों को प्रेरित करेगी। आने वाले समय में आप दोनों को और भी सफलता और कई उपलब्धियां हासिल हों, इसके लिए शुभकामनाएं।”

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी गुलवीर और हरजिंदर को बधाई दी। उन्होंने अपने एक्स पर लिखा, “ऐतिहासिक और मिसाल कायम करने वाला। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल जीतने पर नायब सूबेदार गुलवीर सिंह को बधाई। यह कामयाबी इसलिए भी खास है क्योंकि वह इस इवेंट में कॉमनवेल्थ गेम्स मेडल जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं। यह उनकी बेमिसाल प्रतिभा, कड़ी मेहनत और अटूट संकल्प का नतीजा है। उनकी जबरदस्त मेहनत और लगन ने देश का मान बढ़ाया है। उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।”

हरजिंदर को बधाई देते हुए रक्षा मंत्री ने लिखा, “वेटलिफ्टिंग में भारत के लिए एक और मेडल। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में महिलाओं की 69 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने पर हरजिंदर कौर पर गर्व है। वह खेल के प्रति बेहतरीन प्रदर्शन और जबरदस्त लगन की मिसाल हैं। उन्हें बधाई। हरजिंदर के आगे के सफर के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं।”

खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भारत के दोनों एथलीटों को बधाई दी। उन्होंने अपने एक्स प्लेटफॉर्म पर लिखा, “पोडियम की ओर बढ़ते हुए। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल जीतने पर कोर एथलीट गुलवीर सिंह को बधाई।” उन्होंने हरजिंदर कौर की तारीफ करते हुए लिखा, “दमदार प्रदर्शन, जोश और पोडियम पर जगह। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में महिलाओं के 69 किग्रा वेटलिफ्टिंग इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने पर हरजिंदर कौर को बधाई।”

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर गुलवीर को ऐतिहासिक मेडल जीतने पर बधाई दी। उन्होंने लिखा, “कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल जीतकर भारत का गौरव बढ़ाने वाले उत्तर प्रदेश के सपूत एवं नायब सूबेदार गुलवीर सिंह जी को हार्दिक बधाई। आपकी यह ऐतिहासिक उपलब्धि अथक परिश्रम, अनुशासन एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है। सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश एवं देश को आप पर गर्व है। आपके उज्ज्वल भविष्य हेतु अनंत मंगलकामनाएं।”

–आईएएनएस

एसएम/पीएम


Related Articles

Latest News