लंदन, 11 जुलाई (आईएएनएस)। सेंटर कोर्ट पर खेले गए रोमांचक ‘ऑल-चेक’ फाइनल में शनिवार को नौवीं वरीयता प्राप्त लिंडा नोस्कोवा ने हमवतन कैरोलिना मुचोवा को 6-2, 5-7, 6-3 से हराकर अपना पहला विंबलडन विमेंस सिंगल्स खिताब जीता।
नोस्कोवा ने चैंपियनशिप मैच में संयमित खेल दिखाया। दूसरा सेट हारने के बाद उन्होंने शानदार वापसी की और तीन सेटों में जीत हासिल कर अपने करियर का सबसे बड़ा खिताब अपने नाम किया।
21 वर्षीय खिलाड़ी ने पूरे मैच के दौरान अपनी दमदार सर्विस का बखूबी इस्तेमाल किया और मुचोवा के छह ऐस के मुकाबले 10 ऐस लगाए। फर्स्ट-सर्व प्रतिशत (75 प्रतिशत बनाम 71 प्रतिशत) में भी उन्हें थोड़ी बढ़त मिली और उन्होंने अपनी पहली सर्विस पर 74 प्रतिशत अंक जीते। इसके साथ ही 13 ब्रेक-प्वाइंट्स मौकों में से चार को भुनाया।
10वीं वरीयता प्राप्त मुचोवा ने पहला सेट हारने के बाद जबरदस्त वापसी की और दूसरा सेट 7-5 से जीतकर मैच को निर्णायक सेट तक खींच लिया। हालांकि, नोस्कोवा ने आक्रामक बेसलाइन खेल के साथ अंतिम सेट में फिर से नियंत्रण हासिल किया और अहम मौकों पर संयम बनाए रखते हुए मैच अपने नाम किया।
नोस्कोवा ने मुचोवा के 92 अंकों के मुकाबले कुल 109 अंक हासिल किए और कुल 17 गेम जीते, जिससे दो घंटे तक चले इस मुकाबले में उनका दबदबा साफ झलका।
यह जीत नोस्कोवा के लिए पहला विंबलडन खिताब और एक बड़ी ग्रैंड स्लैम जीत है, जबकि मुचोवा को खेल के सबसे बड़े मंच पर एक और शानदार प्रदर्शन के बावजूद उपविजेता बनकर ही संतोष करना पड़ा।
21 वर्षीय नोस्कोवा अपनी आदर्श खिलाड़ी और चेक दिग्गज पेट्रा क्वितोवा के बाद सबसे कम उम्र की विंबलडन चैंपियन बनीं। क्वितोवा ने 2011 में अपना पहला विंबलडन खिताब जीता था और इस बार रॉयल बॉक्स से नोस्कोवा की जीत को देखा। नोस्कोवा अब क्वितोवा के साथ उन चुनिंदा चेक खिलाड़ियों में शामिल हो गई हैं जिन्होंने विंबलडन में अपने ग्रैंड स्लैम फाइनल की शुरुआत जीत के साथ की है।
दो हफ्तों के यादगार सफर के बाद नोस्कोवा ‘वीनस रोजवाटर डिश’ (ट्रॉफी) लेकर एसडब्ल्यू19 से विदा ले रही हैं और सोमवार को जारी होने वाली डब्ल्यूटीए टूर (मर्सिडीज-बेंज द्वारा प्रायोजित) रैंकिंग में उनके करियर की सर्वश्रेष्ठ 7वीं रैंकिंग पर पहुंचने की उम्मीद है। अपने पहले ग्रैंड स्लैम फाइनल में एक घंटे से कुछ ज्यादा समय तक नोस्कोवा विंबलडन का खिताब जीतती हुई लग रही थीं, लेकिन एक सेट और 5-2 से आगे होने और हालात पूरी तरह उनके पक्ष में होने के बावजूद, नोस्कोवा ने लय खो दी और मुचोवा ने वापसी करते हुए दूसरा सेट 7-5 से जीत लिया। आखिरकार, अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने के लिए नोस्कोवा को छह चैंपियनशिप प्वाइंट्स और तीसरे सेट में जीत की जरूरत थी।
–आईएएनएस
आरएसजी
