नई दिल्ली, 11 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के तीन देशों के दौरे को भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने भारत की वैश्विक आर्थिक और रणनीतिक स्थिति को मजबूत करने वाला बताया।
उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि यह दौरा केवल द्विपक्षीय संबंधों तक सीमित नहीं था, बल्कि दुनिया के सामने एक मजबूत ‘इंडो-पैसिफिक इकोनॉमिक मॉडल’ प्रस्तुत करने का प्रयास था। वहीं, पंजाब कांग्रेस में चल रही अंदरूनी खींचतान पर उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी सिंगल डिजिट सीटों तक सिमट जाएगी।
गौरव वल्लभ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में आर्थिक सहयोग का एक नया मॉडल स्थापित करने वाली रही। तीनों देशों के साथ हुए समझौते आने वाले वर्षों में भारत के व्यापार, निवेश, ऊर्जा, रक्षा, कृषि और तकनीकी विकास को नई गति देंगे। प्रधानमंत्री के इंडोनेशिया दौरे के दौरान रक्षा उपकरणों के निर्यात, स्टील उद्योग, रेयर अर्थ प्रोसेसिंग और डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा हुई। भारत का यूपीआई और डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर मॉडल दुनिया के कई देशों के लिए आकर्षण का केंद्र बन चुका है और अनेक देश इसे अपनाने के इच्छुक हैं।
भाजपा नेता ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया यात्रा के दौरान यूरेनियम और क्रिटिकल मिनरल्स पर विशेष जोर दिया गया। आज बैटरी निर्माण, सेमीकंडक्टर उद्योग और हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग के लिए क्रिटिकल मिनरल्स की अहम भूमिका है। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इन खनिजों के आयात-निर्यात को बढ़ाने, अंतरराष्ट्रीय व्यापार को मजबूत करने तथा ऊर्जा और शिक्षा क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई। दोनों देशों में इन क्षेत्रों में अपार संभावनाएं हैं और यह सहयोग भविष्य में दोनों अर्थव्यवस्थाओं को लाभ पहुंचाएगा। वहीं, न्यूजीलैंड दौरे को लेकर उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड कृषि तकनीक के क्षेत्र में दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल है। वहां कृषि में तकनीकी हस्तक्षेप, सर्विस मोबिलिटी और मार्केट एक्सेस जैसे विषयों पर सहमति बनी है।
उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच हुए समझौते के तहत 2030 तक न्यूजीलैंड की कंपनियां भारत में लगभग 35 हजार करोड़ रुपए का निवेश करेंगी। इससे करीब दो लाख नए रोजगार सृजित होने की संभावना है। यह समझौता भारत की अर्थव्यवस्था और युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर लेकर आएगा। प्रधानमंत्री मोदी की यह पूरी यात्रा इस बात का उदाहरण है कि किस प्रकार इंडो-पैसिफिक क्षेत्र वैश्विक व्यापार और आर्थिक विकास का नया केंद्र बन सकता है। भारत ने इन तीन देशों के साथ मिलकर दुनिया को आर्थिक सहयोग का एक सफल और व्यवहारिक मॉडल प्रस्तुत किया है।
पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस संगठन में जारी खींचतान और प्रदेश प्रभारी भूपेश बघेल के ‘सब कुछ सामान्य’ होने के दावे पर गौरव वल्लभ ने कांग्रेस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब कोई राजनीतिक दल नेतृत्व विहीन, नीति विहीन और नियत विहीन हो जाता है, तब ऐसी परिस्थितियां पैदा होती हैं। कांग्रेस में कई गुट और उनके भी उपगुट सक्रिय हैं, जिसके कारण संगठन लगातार कमजोर हो रहा है। यदि भूपेश बघेल एक गुट से मिलते हैं तो दूसरा नाराज हो जाता है और यदि दोनों को साथ बैठाने की कोशिश करते हैं तो तीसरा गुट सामने आ जाता है। पंजाब कांग्रेस की स्थिति पूरे देश के सामने कांग्रेस की आंतरिक कमजोरी का उदाहरण बन गई है।
गौरव वल्लभ ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस में हर नेता मुख्यमंत्री बनने की इच्छा रखता है, लेकिन उन्हें यह समझना चाहिए कि मुख्यमंत्री बनने के लिए पहले विधायक बनना पड़ता है। कांग्रेस के पास चुनाव जीतने वाले योग्य उम्मीदवारों की कमी है और आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन बेहद खराब रहेगा। उन्होंने दावा किया कि आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सिंगल डिजिट सीटों तक सिमट जाएगी।
उन्होंने कहा कि मैं पूरी जिम्मेदारी के साथ कह रहा हूं कि कांग्रेस इस बार पंजाब में सिंगल डिजिट विधायक वाली पार्टी बनेगी। चुनाव परिणाम आने के बाद आप मुझसे दोबारा यही सवाल पूछिएगा। कांग्रेस के विधायक सिंगल डिजिट से ज्यादा नहीं होंगे।
–आईएएनएस
पीएसके/डीकेपी
