दूसरे टेस्ट में मजबूत स्थिति में श्रीलंका, मेंडिस-सोनल ने खेली दमदार पारी


एंटीगुआ, 5 जुलाई (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच का दूसरा दिन भी मेहमान टीम के नाम रहा। 9 विकेट खोकर 549 रन बनाने के बाद श्रीलंका ने अपनी पहली पारी को घोषित किया। इसके जवाब में वेस्टइंडीज ने दिन का खेल खत्म होने तक एक विकेट खोकर 58 रन बना लिए हैं।

श्रीलंका की ओर से दूसरे दिन कुशल मेंडिस और सोनल दिनुशा ने शानदार बल्लेबाजी की। दोनों ने मिलकर छठे विकेट के लिए 143 रनों की अहम साझेदारी निभाई। मेंडिस ने 115 गेंदों का सामना करते हुए 8 चौके और तीन छक्कों की मदद से 69 रन बनाए। वहीं, सोनल अपने शतक से चूक गए और 92 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस पारी के दौरान सोनल ने 12 चौके लगाए।

मिलन रत्नायके ने 43 गेंदों का सामना करते हुए 15 रनों का योगदान दिया, जबकि प्रभात जयसूर्या 17 रन बनाकर नाबाद रहे। डेब्यू मुकाबले में इसिथा विजेसुंदरा ने 14 रन बनाए। गेंदबाजी में वेस्टइंडीज की ओर से जेडन सील्स और शेमार जोसेफ ने सर्वाधिक 2-2 विकेट चटकाए। वहीं, अल्जारी जोसेफ, जस्टिन ग्रीव्स और रोस्टन चेज ने एक-एक विकेट निकाला।

हालांकि, वेस्टइंडीज की पहली पारी में शुरुआत अच्छी नहीं रही। ब्रैंडन किंग 26 गेंदों में 3 चौकों की मदद से 17 रन बनाने के बाद पवेलियन लौटे। दिन का खेल खत्म होने तक जॉन कैंपबेल 77 गेंदों में 31 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं और उनका साथ केवम हॉज 6 रन बनाकर दे रहे हैं। वेस्टइंडीज अभी श्रीलंका के कुल स्कोर से 491 रन पीछे है।

पहले टेस्ट में मिली हार और कुछ खिलाड़ियों की चोटों के कारण श्रीलंका ने इस मैच के लिए अपनी प्लेइंग इलेवन में तीन बदलाव किए हैं। टीम में प्रभात जयसूर्या, लाहिरू उदारा और इसिथा विजेसुंडेरा को शामिल किया गया है। इसिथा विजेसुंडेरा इस मैच में टेस्ट क्रिकेट में अपना डेब्यू कर रहे हैं। पथुम निसांका और लाहिरू कुमारा चोट के कारण इस मुकाबले से बाहर हैं। वहीं, कसुन रजिथा को पहले टेस्ट में खराब प्रदर्शन के चलते अंतिम एकादश में जगह नहीं दी गई है। वेस्टइंडीज ने पहले टेस्ट में श्रीलंका को एक पारी और 217 रनों से हराया था।

–आईएएनएस

एसएम/एएस


Related Articles

Latest News