चेन्नई, 5 जुलाई (आईएएनएस)। तमिलनाडु में रविवार को तमिलनाडु टीचर एलिजिबिलिटी टेस्ट (टीएनटीईटी) का दूसरा पेपर आयोजित किया जा रहा है। इस परीक्षा में 1,67,743 से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की उम्मीद है। यह परीक्षा तमिलनाडु टीचर्स रिक्रूटमेंट बोर्ड (टीआरबी) की ओर से पूरे राज्य में दो दिनों तक आयोजित की जा रही है।
शनिवार को परीक्षा का पहला पेपर आयोजित किया गया था, जो सेकेंडरी ग्रेड टीचर बनने के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए था। वहीं, रविवार को होने वाला पेपर-II उन अभ्यर्थियों के लिए है, जो सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में स्नातक स्तर की कक्षाओं को पढ़ाने के लिए पात्रता हासिल करना चाहते हैं।
टीचर्स रिक्रूटमेंट बोर्ड के अनुसार, पेपर-II राज्यभर के 613 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगा। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। अधिकारी पूरी परीक्षा प्रक्रिया पर लगातार नजर रखेंगे।
इससे पहले शनिवार को आयोजित पेपर-I में 61,386 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। यह परीक्षा 222 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई, जिनमें तिरुनेलवेली, कोयंबटूर, मयिलादुथुरै, और रानीपेट सहित राज्य के कई जिले शामिल थे। परीक्षा सुबह 10 बजे शुरू हुई और दोपहर 1 बजे समाप्त हुई।
दिव्यांग अभ्यर्थियों को निर्धारित नियमों के अनुसार परीक्षा पूरी करने के लिए एक घंटे का अतिरिक्त समय दिया गया। उनकी सुविधा के लिए परीक्षा केंद्रों पर विशेष व्यवस्थाएं भी की गई थीं, ताकि वे बिना किसी परेशानी के परीक्षा दे सकें।
तमिलनाडु शिक्षक पात्रता परीक्षा सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में शिक्षक भर्ती के लिए एक अनिवार्य योग्यता है। हालांकि, यह केवल परीक्षा पास कर लेने से नौकरी की गारंटी नहीं मिलती, लेकिन राज्य सरकार की ओर से निकाली जाने वाली शिक्षक भर्तियों में आवेदन करने के लिए इसे पास करना जरूरी होता है।
प्रशासन ने रविवार को परीक्षा देने वाले सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी कि वे समय से पहले अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र पर पहुंचें, ताकि सत्यापन प्रक्रिया आसानी से पूरी हो सके और अंतिम समय किसी भी परेशानी से बचा जा सके। अभ्यर्थियों को अपना हॉल टिकट और वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।
अधिकारियों के अनुसार, सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं, ताकि पेपर-II के साथ दो दिवसीय राज्यव्यापी शिक्षक पात्रता परीक्षा का सफल और सुचारू समापन हो सके।
–आईएएनएस
वीकेयू/डीकेपी
