संगरूर को मिला ओलंपिक स्तर का स्विमिंग पूल, सीएम मान बोले- यहां से निकलेंगे भविष्य के चैंपियन


संगरूर, 30 जून (आईएएनएस)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को संगरूर में 9.50 करोड़ रुपए की लागत से बने ओलंपिक मानकों वाले स्विमिंग पूल का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह जिला भविष्य में एशियाई, विश्व और ओलंपिक स्तर के चैंपियन खिलाड़ियों की नर्सरी बनने जा रहा है।

आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा खेल बुनियादी ढांचे में किए जा रहे निवेश का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों के समय खेल बजट 200 करोड़ रुपए से भी कम था, जिसे बढ़ाकर 1,790 करोड़ रुपए कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब को पहली बार एशियाई हॉकी चैंपियनशिप ट्रॉफी की मेजबानी का अवसर मिला है और अब अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिभाओं को तैयार करने के लिए क्रिकेट और हॉकी प्रीमियर लीग शुरू करने की भी तैयारी की जा रही है।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दिन संगरूर के लोगों, विशेषकर युवाओं के लिए गर्व और खुशी का अवसर है। यह स्विमिंग पूल हमारे भविष्य के ओलंपियन खिलाड़ियों की नर्सरी के रूप में काम करेगा।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल ढांचे को मजबूत बनाने पर उनकी सरकार विशेष ध्यान दे रही है और यह विश्वस्तरीय स्विमिंग पूल पंजाब को देश का नंबर-1 खेल राज्य बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि यह स्विमिंग पूल 9.50 करोड़ रुपए की लागत से अंतरराष्ट्रीय मानकों और ओलंपिक विनिर्देशों के अनुसार बनाया गया है। इसकी लंबाई 50 मीटर और चौड़ाई 21 मीटर है, जबकि इसकी गहराई 4.5 फीट से 7.5 फीट तक है। इसमें 2.5 लाख लीटर पानी संग्रहित किया जा सकता है।

खिलाड़ियों की सुविधा के लिए यहां आधुनिक शॉवर, चेंजिंग रूम, प्रशिक्षकों के लिए अलग कमरे और स्टोर रूम की व्यवस्था की गई है। खिलाड़ियों की शारीरिक क्षमता बढ़ाने और फिटनेस के लिए यहां एक आधुनिक जिम भी बनाया गया है।

उन्होंने कहा, “सात वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए एक अलग मिनी स्विमिंग पूल भी बनाया गया है।” उन्होंने बताया कि इस स्विमिंग पूल का निर्माण दुनिया की बेहतरीन मिर्था रेनोवएक्शन और क्लासिक मॉड्यूलर सिस्टम तकनीक से किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसमें लैमिनेटेड पीवीसी और स्टेनलेस स्टील पैनलों का उपयोग किया गया है, जिससे यह देश के सबसे आधुनिक स्विमिंग पूलों में से एक बन गया है। साफ और सुरक्षित पानी सुनिश्चित करने के लिए इसमें यूरोपीय मानकों के अनुरूप फिल्ट्रेशन और डिसइन्फेक्शन सिस्टम भी लगाया गया है।

मुख्यमंत्री ने संगरूर और आसपास के क्षेत्रों के अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को खेलों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए सुविधाओं और धन की कभी कमी नहीं होने देगी।”

–आईएएनएस

एएमटी/वीसी


Related Articles

Latest News