मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बाद फरीदकोट में हुआ हाईवोल्टेज ड्रामा, घंटों तक पानी की टंकी पर बैठा रहा नाराज स्वास्थ्य कर्मचारी


फरीदकोट, 29 जून (आईएएनएस)। पंजाब के फरीदकोट जिले में मुख्यमंत्री भगवंत मान के कार्यक्रम स्थल पर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब स्वास्थ्य विभाग का एक कर्मचारी पानी की टंकी पर चढ़ गया। तीन घंटे तक चले इस घटनाक्रम के बाद पुलिस ने उन्हें सुरक्षित नीचे उतार लिया। हालांकि, कर्मचारी ने पुलिस अधिकारियों पर ही गंभीर आरोप लगाए हैं।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को फरीदकोट जिले के चांदबाजा गांव में जनसभा की थी। आरोप है कि पुलिस अधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी को अपमानित किया था। इससे नाराज कर्मचारी पानी की टंकी पर चढ़ गया। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी की पहचान जसमेल सिंह के रूप में हुई। कर्मचारी को नीचे उतारने के लिए कई घंटे पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि, बार-बार अनुरोध के बाद स्वास्थ्य विभाग का कर्मचारी नीचे उतरा।

कर्मचारी जसमेल सिंह ने कहा, “स्पीकर ने हमसे कहा था कि अगर मुख्यमंत्री भगवंत मान के लिए कोई मांग पत्र है, तो हम उसे उन्हें सौंप दें। चूंकि स्पीकर व्यस्त थे, इसलिए मैंने वहां मौजूद कर्मचारियों से पूछा कि मांग पत्र कहां जमा करना है। उन्होंने मुझे डिस्पेंसरी में तहसीलदार के पास जमा करने को कहा। इसी बीच, डीएसपी संजीव कुमार आए और मुझसे मांग पत्र छीन लिया।”

उन्होंने कहा, “मैं गर्मी में 15 मिनट तक अकेला खड़ा रहा। बाद में कई पुलिसकर्मियों ने मुझसे रोक लिया था और मेरे साथ अभद्र व्यवहार किया। फिर हमें पकड़कर ले गए और मेरा फोन भी छीन लिया गया था।”

इस घटना को लेकर पुलिस अधिकारी राजेश कुमार ने कहा, “उन्हें (कर्मचारी को) नीचे उतार लिया गया है। जब भी इतना बड़ा कार्यक्रम होता है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम होते हैं, तो ऐसी छोटी-मोटी घटना हो सकती है। हो सकता है कि उसे यह बात व्यक्तिगत लगी हो, लेकिन यह किसी के लिए भी व्यक्तिगत नहीं थी। फिलहाल विवाद समाप्त हो चुका है।”

उन्होंने कहा, “पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी की व्यक्तिगत कोई दुश्मनी नहीं है। हम सभी कर्मचारी हैं और भाई-चारे के साथ काम करते हैं। फिलहाल कोई गिला-शिकवा नहीं है।”

–आईएएनएस

डीसीएच/


Related Articles

Latest News