हेमंत सोरेन कार ड्राइव कर मौसम का लुत्फ उठाने पहुंचे जोन्हा फॉल, बोले- झारखंड प्रकृति का अनुपम उपहार


रांची, 28 जून (आईएएनएस)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार को एक अलग अंदाज में नजर आए। मॉनसून के सुहाने मौसम का आनंद लेने के लिए वह खुद कार चलाकर राजधानी रांची से करीब 50 किलोमीटर दूर स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल जोन्हा फॉल पहुंच गए। उनके साथ उनकी पत्नी गांडेय की विधायक कल्पना सोरेन भी थीं।

सफर के दौरान उन्होंने ड्राइविंग करते और गुनगुनाते हुए अपने वीडियो और तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर साझा कीं, जो तेजी से वायरल हो रही हैं। जोन्हा फॉल पहुंचकर मुख्यमंत्री ने कुछ समय प्राकृतिक वातावरण के बीच बिताया।उन्होंने स्थानीय फलों का स्वाद लिया और वहां मौजूद लोगों से बातचीत भी की।

अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘आज रांची शहर से कुछ ही दूरी पर स्थित जोन्हा फॉल की हरी-भरी वादियों के बीच कुछ पल बिताने का अवसर मिला। इस बीच वहां फलों का भी आनंद लिया और स्थानीय लोगों से बातचीत भी हुई।’

उन्होंने आगे लिखा कि बहती निर्मल जलधारा, घने जंगलों की हरियाली और पहाड़ों का शांत सौंदर्य बार-बार यह एहसास कराता है कि झारखंड प्रकृति का अनुपम उपहार है। यह हमारी साझी धरोहर है, जिसे सहेजना और संरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि झारखंड के किसी भी हिस्से में जाएं, प्रकृति अपने अलग-अलग रंगों में आपका स्वागत करती दिखाई देगी और सभी सैलानियों का राज्य में स्वागत है।

जोन्हा फॉल से मुख्यमंत्री ने एक रील भी साझा की, जिसके बैकग्राउंड में क्षेत्रीय गीत ‘हमर सोना झारखंड, हमर हीरा झारखंड’ बज रहा है।

वीडियो में वह मुस्कुराते हुए लोगों से पूछते हैं- ‘कैसा लग रहा है… ये जंगल… ये वादियां… ये हमारा झारखंड!’ इस रील के साथ उन्होंने लिखा, ‘यहां जंगल जीवन हैं, झरने संगीत हैं, हरियाली की गोद में बसता झारखंड अद्वितीय है।’ हेमंत सोरेन का यह अंदाज नया नहीं है।

वह पहले भी कई मौकों पर खुद कार चलाकर विभिन्न स्थानों का दौरा करते और रास्ते में आम लोगों से सहजता से मिलते-जुलते नजर आए हैं।

–आईएएनएस

एसएनसी/डीकेपी


Related Articles

Latest News