भारत और सेशेल्स दोस्ती के 50 साल: राष्ट्रपति हर्मिनी ने पीएम मोदी की यात्रा को बताया ऐतिहासिक


विक्टोरिया, 27 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीन द‍िवसीय सेशेल्स यात्रा के दौरान सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी ने कहा कि भारत हमेशा से सेशेल्स का भरोसेमंद दोस्त रहा है। उन्होंने यह बात शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में आयोजित एक रात्रिभोज के दौरान कही।

सेशेल्स के राष्ट्रपति कार्यालय के अनुसार, डिनर के दौरान राष्ट्रपति हर्मिनी ने दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे मजबूत रिश्तों का जिक्र किया।

उन्होंने कहा, “भारत सेशेल्स का हमेशा से एक भरोसेमंद दोस्त रहा है। हमारे लोग और यहां रहने वाला बड़ा भारतीय समुदाय भी इस भावना को उतनी ही गर्मजोशी से महसूस करता है।”

विदेश मंत्रालय (एमईए) के मुताबिक, रात्रिभोज के दौरान दोनों नेताओं ने भारत और सेशेल्स के बीच मजबूत साझेदारी को और आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

इस डिनर में विदेश मंत्री एस. जयशंकर, सेशेल्स की नेशनल असेंबली के स्पीकर अजारेल अर्नेस्टा, विदेश मामलों और प्रवासी मामलों के मंत्री बैरी फॉरे और कैबिनेट के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।

राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा कि 2026 दोनों देशों के लिए खास साल है, क्योंकि इसी साल सेशेल्स और भारत के बीच राजनयिक संबंधों के 50 साल पूरे हो रहे हैं। दोनों देशों की साझेदारी लोकतांत्रिक मूल्यों, समुद्री सहयोग और लोगों के बीच मजबूत संबंधों पर आधारित रही है।

साथ ही, सेशेल्स के गणतंत्र बनने की 50वीं वर्षगांठ और भारत-सेशेल्स दोस्ती के 50 साल पूरे होने का यह मौका प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा को और भी खास बनाता है।

राष्ट्रपति कार्यालय ने कहा, “राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी भारत-सेशेल्स संबंधों की मजबूती को दिखाती है। दोनों देश अब अगले 50 वर्षों की साझेदारी की ओर देख रहे हैं।”

भारत और सेशेल्स के बीच 1976 में राजनयिक संबंध स्थापित हुए थे। तब से दोनों देशों के रिश्ते लगातार मजबूत हुए हैं। भारत ने सेशेल्स के विकास में कई क्षेत्रों में सहयोग किया है, जिनमें बुनियादी ढांचा, रक्षा, स्वास्थ्य और समुद्री सुरक्षा शामिल हैं।

शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी विक्टोरिया पहुंचे, जहां उनका ऐतिहासिक मौके के लिए विशेष स्वागत किया गया। यह प्रधानमंत्री मोदी की सेशेल्स की दूसरी राजकीय यात्रा है।

विक्टोरिया, एयरपोर्ट पहुंचने पर राष्ट्रपति हर्मिनी ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया और उन्हें औपचारिक सम्मान दिया गया।

स्वागत समारोह में सेशेल्स के कई वरिष्ठ नेता और भारतीय समुदाय के लोग भी शामिल हुए। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी पेश किए गए, जो दोनों देशों के लोगों के बीच मजबूत रिश्तों को दर्शाते हैं।

शनिवार दोपहर एक विशेष कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स सरकार को ‘लेस्प्वार’ नाम का फास्ट पेट्रोल वेसल (तेज गश्ती जहाज) उपहार के रूप में सौंपा। क्रियोल भाषा में ‘लेस्प्वार’ का मतलब ‘उम्मीद’ होता है।

इसके अलावा भारत की ओर से सेशेल्स को 10 उपयोगी वाहन, पांच लेजर रेडियल नावें और छह एंबुलेंस भी दी गईं।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि ये सहायता सेशेल्स की समुद्री सुरक्षा और रक्षा क्षमता को मजबूत करने में मदद करेगी।

–आईएएनएस

एवाई/डीकेपी


Related Articles

Latest News