UP: ग्रेटर नोएडा में 9,228 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात, CM योगी बोले- ‘जेवर अब जंगलराज नहीं, मंगलराज की पहचान’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को ग्रेटर नोएडा पहुंचकर यमुना सिटी और नोएडा क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए कुल 9,228 करोड़ रुपये की औद्योगिक एवं विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने यमुना सिटी के सेक्टर-10 स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (EMC) में 6,750 करोड़ रुपये के निवेश वाली तीन प्रमुख औद्योगिक परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी। इनमें एम्बर ग्रुप और दक्षिण कोरिया की एक कंपनी के संयुक्त उपक्रम समेत कई बड़े निवेश शामिल हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश तेजी से इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण का वैश्विक केंद्र बनकर उभर रहा है। उन्होंने कहा कि जिन इलेक्ट्रॉनिक कॉम्पोनेंट्स के लिए भारत अब तक दूसरे देशों पर निर्भर था, उन्हें अब उत्तर प्रदेश में ही तैयार कर दुनिया के विभिन्न देशों में निर्यात करने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार इस दिशा में तेजी से कार्य कर रही है और निवेशकों को हरसंभव सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उत्तर प्रदेश में निवेश कर रही हैं कंपनियां

सीएम योगी ने कहा कि एक समय उत्तर प्रदेश की पहचान नकारात्मक कारणों से होती थी, लेकिन आज वही प्रदेश देश-विदेश के निवेशकों के लिए सबसे पसंदीदा निवेश स्थलों में शामिल हो चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार की सिंगल विंडो प्रणाली, पारदर्शी नीतियों और बेहतर कानून-व्यवस्था के चलते बड़ी कंपनियां लगातार उत्तर प्रदेश में निवेश कर रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश आज मोबाइल निर्माण का प्रमुख केंद्र बन चुका है, जबकि ग्रेटर नोएडा इलेक्ट्रॉनिक्स कॉम्पोनेंट्स के उत्पादन में देश के अग्रणी क्षेत्रों में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है।

Related Articles

Latest News