महासचिव चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा के इस्तीफे के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने बड़ा फैसला लिया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ट्रस्ट की अहम बैठक 11 जुलाई को अयोध्या में बुलाई गई है। माना जा रहा है कि इस बैठक में ट्रस्ट के नए सीईओ और महासचिव के नाम पर फैसला लिया जा सकता है। चढ़ावा विवाद के बाद ट्रस्ट में हुए घटनाक्रम के चलते यह बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे पर जानें क्या बोला ट्रस्ट…
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। दोनों के इस्तीफे के बाद ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आधिकारिक बयान जारी किया।
ट्रस्ट की ओर से जारी बयान में कहा गया कि चढ़ावा चोरी प्रकरण से सभी सदस्य बेहद आहत और दुखी हैं। ट्रस्ट ने कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है, लेकिन उसे न्यायिक प्रक्रिया और सत्य की जीत पर पूरा विश्वास है। प्रेस विज्ञप्ति में ट्रस्ट ने कहा, “हम आहत हैं, अत्यंत दुखी हैं। हमें विश्वास है कि ये बादल जल्द छटेंगे, अंधेरा हटेगा और सत्य-सूर्य का प्रकाश अवश्य होगा।”
ट्रस्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होगी। ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं से संयम बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर पिछले कुछ दिनों से लगातार विवाद गहराता जा रहा है। इसी बीच चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे को ट्रस्ट का बड़ा प्रशासनिक कदम माना जा रहा है।
राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकक सिद्धार्थ नाथ ने अखिलेश पर लगाया यह बड़ा आरोप
प्रयागराज। अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे में कथित गड़बड़ी को लेकर समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर की गई टिप्पणी पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं योगी सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री तथा विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह ने पलटवार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव इस मामले को राजनीतिक मुद्दा बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
