पीयूष गोयल ने भारत के मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम और विभिन्न क्षेत्रों में मौजूद अपार अवसरों पर प्रकाश डाला

लंदन/नई दिल्ली, 27 जून (केसरिया न्यूज़)। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को कहा कि उन्होंने एशिया हाउस और दुनिया की प्रमुख कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उपयोगी गोलमेज बैठक की, जिसमें आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने और भविष्य के अवसरों पर विस्तार से चर्चा हुई।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि बैठक के दौरान भारत के मजबूत विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) इकोसिस्टम और विभिन्न क्षेत्रों में मौजूद अपार अवसरों पर प्रकाश डाला गया। उन्होंने कहा कि भारत-यूके व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौता (सीईटीए) दोनों देशों की साझेदारी को और मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।

पीयूष गोयल ने यूके-इंडिया बिजनेस काउंसिल (यूकेआईबीसी) के सदस्यों के साथ एक इंटरैक्टिव लंच बैठक भी की, जिसमें उन्होंने भारत-यूके आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए दुनिया की प्रमुख कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों (सी-सूट प्रतिनिधियों) के साथ चर्चा की।

उन्होंने आगे कहा, “चर्चा का मुख्य उद्देश्य नए अवसरों को खोलना, निवेश में तेजी लाना और साझा विकास को बढ़ावा देने के साथ-साथ भारत की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को और मजबूत करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को गहरा करना रहा।”

वाणिज्य मंत्री ने लंदन बिजनेस स्कूल में फैकल्टी, छात्रों, पूर्व छात्रों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को भी संबोधित किया। इसके अलावा, उन्होंने वहां एक विशेष संवाद (फायरसाइड चैट) में भी हिस्सा लिया।

उन्होंने कहा कि भारत और ब्रिटेन के संबंधों को मजबूत बनाने में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है। छात्र, पेशेवर और उद्यमी दोनों देशों के बीच सहयोग, नवाचार और लोगों के बीच संबंधों को मजबूत करने में अहम योगदान दे सकते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि भारत-यूके सीईटीए दोनों देशों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा और विभिन्न क्षेत्रों में साझेदारी को नई ऊंचाई देगा।

पीयूष गोयल भारत के अब तक के सबसे बड़े कारोबारी प्रतिनिधिमंडलों में से एक के साथ ब्रिटेन पहुंचे हैं, जिसमें 160 से अधिक अग्रणी भारतीय कंपनियां शामिल हैं, जिनका उद्देश्य ऐतिहासिक आर्थिक साझेदारी को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाना है।

इससे पहले बिजनेस प्लेनरी सत्र को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा था कि भारत और ब्रिटेन के संबंध तेजी से मजबूत हो रहे हैं। 15 जुलाई 2026 से लागू होने जा रहा भारत-यूके व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौता (सीईटीए) दोनों देशों के रिश्तों में एक नया अध्याय जोड़ेगा।

उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों के उद्योग जगत के नेताओं से बातचीत करना उत्साहजनक रहा। भारत-यूके सीईटीए के लागू होने से विकास के नए अवसर खुलेंगे। उन्होंने दोनों देशों के कारोबारियों से अपील की कि वे सहयोग बढ़ाएं, नवाचार को गति दें और साझा समृद्धि के लिए अधिक निवेश करें।

पीयूष गोयल ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम के स्वागत समारोह में भी हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम अपने शानदार प्रदर्शन, दृढ़ संकल्प और उत्कृष्टता से लाखों युवा लड़कियों, खिलाड़ियों और पूरे देश के लिए प्रेरणा बन रही है।

उन्होंने महिला टी20 विश्व कप के आगामी मुकाबलों के लिए टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि भारतीय टीम देश का नाम रोशन करेगी और विश्व कप की ट्रॉफी जीतकर लौटेगी।

–केसरिया न्यूज़

Related Articles

Latest News