उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां अभी भी सीमित बनी हुई हैं, जिसके कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार जारी है। राजधानी लखनऊ में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ली और दोपहर में बादल छा गए। इसके बाद भी दिन भर तपिश बरकरार रही और बादलों के बीच भी लोगों को तीखी धूप का अहसास हुआ। हालांकि तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई, लेकिन बादलों के कारण हुई उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहद परेशान किया। हालात यह थे कि घरों में पंखे भी काम नहीं कर रहे थे और लोग केवल एसी और कूलर के जरिए ही गर्मी से राहत पा सके।
गुरुवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक यानी 39.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक यानी 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने लू की चेतावनी जारी की है। शुक्रवार को मौसम साफ रहने का अनुमान है और तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
पश्चिमी यूपी में मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहने तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना जताई है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ द्वारा जारी मौसम बुलेटिन के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश के अनेक स्थानों पर लू तथा कुछ स्थानों पर भीषण लू चलने की आशंका है। राजधानी लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। यहाँ अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना व्यक्त की गई है।
प्रयागराज रहा प्रदेश का सबसे गर्म शहर
उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया। प्रयागराज 43.0 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश के सर्वाधिक गर्म शहरों में शामिल रहा।
