उत्तर प्रदेश में कांग्रेस कर रही 80 लोकसभा सीटों पर तैयारी : अजय राय


कानपुर, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने एक बार फिर इशारे-इशारे में इंडिया गठबंधन में शामिल सपा को साफ संदेश दिया है। अजय राय ने कहा कि उनकी पार्टी सभी 80 लोकसभा सीटों पर तैयारी कर रही है, बाकी कांग्रेस नेतृत्व जो तय करेगा, उस पर काम करेंगे।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय मंगलवार को कानपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अखिलेश यादव के 20 सीटें देने के बयान को नकारा। उन्होंने कहा कि अभी कुछ भी तय नहीं है। हमारी पार्टी यूपी की सभी 80 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। कांग्रेस शर्त पर नहीं, संकल्प पर चुनाव लड़ेगी। हाई कमान का निर्णय हमें मान्य होगा।

इस दौरान उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी लोकसभा चुनाव में विदाई तय है। उनके विकास के नाटक का पर्दा गिर चुका है। इस बार का लोकसभा चुनाव निर्णायक चुनाव होगा। कांग्रेस संगठन दुरुस्त होगा।

मुख्यमंत्री योगी की कांग्रेस के साफ होने की टिप्पणी पर कहा कि वह मुगालते में हैं। कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता बब्बर शेर है, इसका पता आने वाले लोकसभा चुनाव में चल जाएगा।

–आईएएनएस

विकेटी/एबीएम


Related Articles

Latest News