लिथियम व्यापार से ऊर्जा सुरक्षा तक, भारत-अर्जेंटीना साझेदारी हो रही मजबूत: राजदूत मारियानो कॉसिनो


नई द‍िल्‍ली, 22 जून (आईएएनएस)। भारत में अर्जेंटीना के राजदूत मारियानो कॉसिनो ने भारत-अर्जेंटीना व्‍यापार को लेकर आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा क‍ि दोनों देशों के बीच खाद्य सुरक्षा, ऊर्जा सुरक्षा और लिथियम खनन जैसे क्षेत्रों में सहयोग तेजी से बढ़ रहा है।

उन्‍होंने कहा क‍ि दोनों देशों के बीच व्यापार लगभग छह अरब डॉलर तक पहुंच चुका है, जिससे भारत अर्जेंटीना का एक प्रमुख व्यापारिक साझेदार बन गया है।

आईएएनएस से साक्षात्‍कार के दौरान मारियानो कॉसिनो ने पश्चिम एशिया संकट, ईरान-यूएस वार्ता और फीफा वर्ल्ड कप चैंपियन में अर्जेंटीना की स्थिति पर भी बात की।

भारत-अर्जेंटीना व्‍यापार और संबंधों पर बात करते हुए मारियानो कॉसिनो ने कहा क‍ि भारत और अर्जेंटीना के बीच पिछले 75 वर्षों से अच्छे संबंध हैं। पिछले सात वर्षों में इन रिश्तों को और मजबूत बनाते हुए इन्हें रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया गया है। खाद्य सुरक्षा, ऊर्जा सुरक्षा और खनन ऐसे तीन क्षेत्र हैं जहां दोनों देश मिलकर बहुत अच्छा काम कर रहे हैं और दोनों अर्थव्यवस्थाओं के बीच अच्छी संभावनाएं हैं।

उदाहरण के लिए खनन के क्षेत्र में अर्जेंटीना के पास लिथियम हैं और भारतीय कंपनियां इसमें काफी रुचि दिखा रही हैं। भारतीय निवेश इस बात का अच्छा उदाहरण है कि दोनों देश किस तरह साथ आ रहे हैं।

सवाल: क्या आप भारत और अर्जेंटीना के बीच व्यापार के बारे में कुछ बता सकते हैं?

जवाब: दोनों देशों के बीच व्यापार आज इस स्तर तक पहुंच गया है कि भारत अब अर्जेंटीना का बड़ा व्यापारिक साझेदार है। दोनों देशों के बीच व्यापार लगभग छह अरब डॉलर तक पहुंच गया है। यह बहुत बड़ी बढ़ोतरी है, खासकर अगर हम देखें कि पांच-छह साल पहले स्थिति कैसी थी।

यह दिखाता है कि भारत दुनिया में एक बहुत महत्वपूर्ण देश और साझेदार बन रहा है और अर्जेंटीना के लिए भी भारत एक अहम भागीदार है।

दुनिया भर के देश कूटनीति के जरिए किए जा रहे प्रयासों को देख रहे हैं और हमें उम्मीद है कि हालात बेहतर होंगे और स्थिरता वापस आएगी। दुनिया में जहां कई संघर्ष एक साथ चल रहे हैं और इनका हल आसान नहीं द‍िख रहा। फिर भी उम्मीद है कि कम से कम कुछ स्थिरता जरूर आएगी। यह सभी के लिए जरूरी है। ऊर्जा की आपूर्ति के कारण भारत भी किसी न किसी रूप में इन हालातों से प्रभावित होता है।

सवाल: क्या आपको लगता है कि अर्जेंटीना फिर से वर्ल्ड कप जीत सकता है?

जवाब: मुझे लगता है कि अर्जेंटीना फिर से वर्ल्ड कप जीत सकता है और हम चार बार के विश्व कप विजेता बनेंगे!

आज फुटबॉल बहुत शानदार खेल बन चुका है। कई मायनों में यह दुनिया का सबसे लोकप्रिय खेल है। मेरे देश अर्जेंटीना में लोग फुटबॉल के दीवाने हैं, जैसे कई दूसरे देशों में भी हैं।

भारत में भी, हालांकि पहले फुटबॉल उतना लोकप्रिय नहीं था, लेकिन अब इसकी लोकप्रियता बढ़ रही है। हमने यह तब देखा जब मेसी यहां आए थे। लोग उन्हें देखने के लिए बहुत उत्साहित थे। वह एक शानदार अनुभव था।

–आईएएनएस

एवाई/डीकेपी


Related Articles

Latest News