नई दिल्ली में भारत-मोरक्को की बैठक, आतंकवाद के खिलाफ साझेदारी मजबूत करने पर जोर


नई दिल्ली, 22 जून (आईएएनएस)। नई दिल्ली में सोमवार को भारत-मोरक्को आतंकवाद-रोधी संयुक्त कार्य समूह की दूसरी बैठक में आयोजित हुई। इस दौरान दोनों देशों ने आतंकवाद के सभी रूपों की कड़ी निंदा करते हुए आपसी सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई।

भारत-मोरक्को आतंकवाद-रोधी संयुक्त कार्य समूह (जेडब्‍ल्‍यूजी) की दूसरी बैठक की सह-अध्यक्षता भारत के विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव (काउंटर टेररिज्म) डॉ. विनोद बहाडे और मोरक्को साम्राज्य के राष्ट्रीय पुलिस महानिदेशालय के अंतर्गत राष्ट्रीय न्यायिक पुलिस ब्रिगेड के प्रमुख हिचाम बाली ने की।

दोनों पक्षों ने आतंकवाद के हर रूप और स्वरूप की कड़ी की। इनमें सीमा पार से होने वाला आतंकवाद भी शामिल हैं। उन्होंने 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले और 10 नवंबर 2025 को नई दिल्ली में लाल किले के पास हुई आतंकवादी घटना की भी कड़ी निंदा की।

बैठक में दोनों पक्षों ने दुनिया भर में और अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय आतंकवादी संगठनों से पैदा होने वाले खतरों पर चर्चा की। उन्होंने आतंकवाद से निपटने से जुड़ी मौजूदा और उभरती चुनौतियों पर भी विचार साझा किए। इनमें हिंसक कट्टरपंथ और उग्रवाद को रोकना, आतंकवाद के वित्तपोषण पर लगाम लगाना, आतंकवादी गतिविधियों के लिए तकनीक के दुरुपयोग को रोकना, अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध और आतंकवाद के बीच संबंध तथा आतंकवादियों की वैश्विक आवाजाही जैसे मुद्दे शामिल थे।

दोनों देशों ने सूचना साझा करने, क्षमता निर्माण और बेहतर तरीकों के आदान-प्रदान के माध्यम से आतंकवाद-रोधी सहयोग को और मजबूत बनाने के उपायों पर भी चर्चा की। साथ ही, उन्होंने संयुक्त राष्ट्र, एफएटीएफ और जीसीटीएफ जैसे बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से तय की जाने वाली तारीख पर मोरक्को में संयुक्त कार्य समूह की अगली बैठक आयोजित करने पर सहमति व्यक्त की।

–आईएएनएस

एवाई/डीकेपी


Related Articles

Latest News